भारत को 2,000 से ज्यादा विमानों की जरूरत, 1,000 और एयरक्राफ्ट खरीदने की तैयारी
नई दिल्ली. भारत में हवाई सफर करने वालों की संख्या तेजी से बढ़ रही है. ऐसे में एयरलाइन कंपनियों को ज्यादा विमानों की जरूरत पड़ रही है. देश में विमानों की कमी को देखते हुए अलग-अलग एयरलाइन कंपनियां 1,000 और सिविल एयरक्राफ्ट खरीदने की तैयारी में है. केंद्रीय वाणिज्य और उद्योग मंत्री पीयूष गोयल ने सोमवार को इसकी जानकारी दी.
पीयूष गोयल इन दिनों दो दिन की यात्रा पर मिस्र में हैं. वहां पत्रकारों से बातचीत में उन्होंने कहा कि भारत ने अब तक 1,200 से ज्यादा विमानों के ऑर्डर दिए हैं. इसके बावजूद देश को अपनी जरूरतें पूरी करने के लिए 2,000 से ज्यादा विमानों की आवश्यकता होगी. उन्होंने कहा, 'हम 1,000 और विमानों का ऑर्डर देने के लिए तैयार हैं. अपनी जरूरतों को पूरा करने के लिए हमें 2,000 से ज्यादा विमानों की जरूरत है.'
पीयूष गोयल ने यह भी कहा कि सरकार एयरबस और बोइंग जैसी स्थापित विमान निर्माता कंपनियों से संपर्क कर रही है, ताकि पहले से दिए गए ऑर्डर की डिलीवरी जल्द हो सके. दरअसल, विमानों की कमी के कारण एयरलाइंस के लिए नई उड़ानें शुरू करना और अपने नेटवर्क का विस्तार करना चुनौती बन रहा है.
पीयूष गोयल ने भारत और मिस्र के बीच हवाई कनेक्टिविटी बढ़ाने की जरूरत पर भी जोर दिया. उन्होंने कहा कि दोनों देशों के बीच ज्यादा उड़ानें शुरू करने के लिए अतिरिक्त विमानों की जरूरत है. जैसे-जैसे एयरलाइंस को नए विमान मिलेंगे, वैसे-वैसे मिस्र के लिए भी ज्यादा उड़ानें शुरू करने की संभावना बढ़ेगी. फिलहाल इजिप्टएयर (EgyptAir) भारत और मिस्र के बीच सीधी उड़ानें संचालित करती है.
साभार आज तक

