UNSC में भारत की मजबूत दावेदारी: यूरोप के V4 देशों ने किया स्थायी सदस्यता का जोरदार समर्थन
नई दिल्ली। संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद (UNSC) में स्थायी सदस्यता और वीटो पावर के लिए भारत कई साल से मजबूत दावेदारी ठोक रहा है। हालांकि चीन के अड़ंगे की वजह से यह अब तक संभव नहीं हो पाया है। लेकिन इस बात से भी इनकार नहीं किया जा सकता है कि दुनिया भारत की संभावनाएं और ताकत दोनों का अंदाजा लगा चुकी है। शायद इसीलिए चीन भी नहीं चाहता कि भारत संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद का स्थायी सदस्य बने। आपको बता दें कि अब तक सिर्फ अमेरिका, रूस, चीन, फ्रांस और ब्रिटेन के पास ही वीटो पावर है। वहीं यूरोप के चार देशों ने भारत की स्थायी सदस्यता के लिए जोरदार समर्थन दिया है। इनमें स्लोवाकिया, पोलैंड, हंगरी और चेक रिपब्लिक शामिल हैं।
स्लोवाकिया के विदेस मंत्री जुराज ब्लानर ने कहा, Visegrad 4 ग्रुप के सभी सदस्य इंडो पसिफिक क्षेत्र के सुपरपावर भारत का समर्थन करते हैं और उसे संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद में स्थायी सदस्यता मिलनी चाहिए। आपको बता दें कि भारत कई साल से मांग कर रहा है कि संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद का विस्तार होना चाहिए। भारत खरे-खरे शब्दों में बता चुका है कि सुरक्षा परिषद में अब निष्पक्षता नहीं रह गई है। ऐसे में इसका विस्तार करना भी जरूरी है।
विदेश मंत्री एस जयशंकर ने इन देशों के समर्थन का स्वागत करते हुए कहा कि V4 देश रक्षा क्षेत्र में लंबे समय से भारत के सहयोगी रहे हैं। वहीं हम लोग अब सहयोग को नई दिशा देने पर विचार कर रहे हैं। आपको बता दें कि भारत संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद में 8 बार अस्थायी सदस्य रह चुका है। संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद में पांच स्थायी सदस्यों के साथ 10 अस्थायी सदस्य हैं जो कि समय-समय पर बदलते रहते हैं।
साभार लाइव हिन्दुस्तान

