इंदौर पुलिस ने जनजागरूकता रैली के साथ किया  “नशे से दूरी है ज़रूरी 2.0” अभियान का शुभारंभ

  • Share on :

 पुलिस कमिश्नर इंदौर ने अवेयरनेस बैज लगाकर एवं जनजागरूकता रैली को हरी झंडी दिखाकर की, अभियान की शुरुआत।
 रैली का विशेष आकर्षण रहा जागरूकता संदेश देता रोबोट, जिसने सबसे आगे चलकर नागरिकों को दिया नशामुक्त समाज का संदेश।
 लगभग 2500 विद्यार्थियों, NCC कैडेट्स, ट्रैफिक मित्रों, नगर सुरक्षा समिति, डॉक्टर्स एवं नागरिकों ने रैली में लिया उत्साहपूर्वक भाग।
 सभी को दिलाई नशामुक्ति की शपथ- "स्वयं भी नशे से रहेंगे दूर  और दूसरों को भी नशा छोड़ने के लिए करेंगे प्रेरित।"
 15 से 30 जुलाई तक नुक्कड़ नाटक, जनसंवाद, पोस्टर, विभिन्न प्रतियोगिताओं, सोशल मीडिया, शॉर्ट फिल्म एवं अन्य गतिविधियों के माध्यम से चलेगा व्यापक जनजागरूकता अभियान।
इंदौर। युवाओं एवं समाज को नशे की बढ़ती प्रवृत्ति और उसके दुष्परिणामों के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से पुलिस मुख्यालय, मध्यप्रदेश के निर्देशानुसार पूरे प्रदेश में 15 जुलाई से 30 जुलाई 2026 तक "नशे से दूरी है ज़रूरी 2.0" विशेष जनजागरूकता अभियान संचालित किया जा रहा है। इसी क्रम में आज इंदौर पुलिस कमिश्नरेट द्वारा पुलिस आयुक्त श्री संतोष कुमार सिंह के नेतृत्व में भव्य जनजागरूकता रैली निकालकर अभियान का शुभारंभ किया गया।

अभियान की शुरुआत पुलिस आयुक्त श्री संतोष कुमार सिंह द्वारा स्वयं तथा उपस्थित अधिकारियों, मीडिया प्रतिनिधियों, NCC कैडेट्स, विद्यार्थियों, चिकित्सकों एवं नागरिकों को "नशे से दूरी है ज़रूरी" अभियान के अवेयरनेस बैज लगाकर की गई। इस अवसर पर उन्होंने अभियान के लिए बनाए गए सेल्फी पॉइंट का भी लोकार्पण किया तथा स्वयं सेल्फी लेकर नागरिकों से इस जनआंदोलन से जुड़ने का संदेश दिया।

युवाओं को नशे से बचाना हम सबकी सामूहिक जिम्मेदारी : पुलिस कमिश्नर
अपने संबोधन में पुलिस आयुक्त श्री संतोष कुमार सिंह ने कहा कि इस अभियान का मुख्य उद्देश्य विशेष रूप से किशोरों एवं युवाओं को अवैध मादक पदार्थों के दुष्प्रभावों से अवगत कराना तथा उन्हें स्वस्थ, सुरक्षित एवं नशामुक्त जीवन अपनाने के लिए प्रेरित करना है। उन्होंने कहा कि नशा केवल व्यक्ति के स्वास्थ्य को ही नहीं, बल्कि उसके परिवार, भविष्य और पूरे समाज को प्रभावित करता है। इसलिए प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी है कि वह स्वयं नशे से दूर रहे और अपने आसपास के लोगों को भी नशा छोड़ने के लिए प्रेरित करे।

15 दिनों तक चलेगा व्यापक जनजागरूकता अभियान
अभियान के अंतर्गत इंदौर पुलिस द्वारा विभिन्न विभागों, शैक्षणिक संस्थानों एवं सामाजिक संगठनों के सहयोग से आगामी 30 जुलाई तक शहरभर में अनेक जनजागरूकता गतिविधियाँ आयोजित की जाएंगी। इनमें प्रमुख रूप से—
 नुक्कड़ नाटक एवं सांस्कृतिक प्रस्तुतियाँ
•पोस्टर, बैनर एवं पंपलेट वितरण
•निबंध, चित्रकला, रील /शॉर्ट मूवी एवं अन्य रचनात्मक प्रतियोगिताएँ
•सोशल मीडिया एवं डिजिटल प्लेटफॉर्म पर जागरूकता अभियान
•वीडियो स्क्रीनिंग एवं जनसंवाद
•शॉर्ट फिल्म एवं प्रेरक संदेशों का प्रसारण
आदि विभिन्न गतिविधियों के माध्यम से आमजन को नशे के दुष्परिणामों एवं उससे बचाव के प्रति जागरूक किया जाएगा।

2500 से अधिक लोगों ने ली नशामुक्ति की शपथ

इस अवसर पर विभिन्न स्कूलों एवं महाविद्यालयों के छात्र-छात्राओं, NCC कैडेट्स, नगर सुरक्षा समिति के सदस्यों, ट्रैफिक मित्रों, ट्रेनी डॉक्टर्स, सामाजिक संस्थाओं के प्रतिनिधियों एवं नागरिकों सहित लगभग 2500 प्रतिभागियों ने अभियान में सहभागिता की।

पुलिस कमिश्नर ने सभी उपस्थितजनों को नशामुक्ति की शपथ दिलाई तथा जनजागरूकता रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।

प्रमुख मार्गों से निकली जनजागरूकता रैली-
 यह रैली पुलिस आयुक्त कार्यालय, पलासिया से प्रारंभ होकर गिटार तिराहा, पलासिया चौराहा, घंटाघर चौराहा सहित शहर के प्रमुख मार्गों से होते हुए 56 दुकान पर संपन्न हुई। रैली के दौरान प्रतिभागियों ने नशा विरोधी संदेशों से युक्त तख्तियां, बैनर एवं पंपलेट्स के माध्यम से नागरिकों को नशामुक्त समाज के निर्माण के लिए जागरूक किया।

रोबोट बना आकर्षण का केंद्र, दिया नशामुक्ति का संदेश

रैली का सबसे विशेष आकर्षण एक रोबोट रहा, जिसने सबसे आगे चलते हुए नागरिकों को "नशे से दूरी है ज़रूरी" का संदेश दिया। रोबोट के माध्यम से दिया गया यह अभिनव जनजागरूकता संदेश लोगों के आकर्षण का केंद्र बना और बड़ी संख्या में नागरिकों ने इसके साथ संवाद एवं सेल्फी लेकर अभियान का समर्थन किया।

इस अवसर पर पुलिस उपायुक्त (क्राइम/ट्रैफिक) श्री राजेश त्रिपाठी, पुलिस उपायुक्त (ज़ोन-02/मुख्यालय) श्री अमन सिंह राठौर, अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त ज़ोन-02 श्री अमरेन्द्र सिंह, अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त (क्राइम) श्री राजेश दण्डोतिया, अन्य पुलिस अधिकारीगण, नगर सुरक्षा समिति के पदाधिकारी एवं सदस्य, NCC कैडेट्स, ट्रैफिक प्रहरी, ट्रेनी डॉक्टर्स, सामाजिक संस्थाओं के प्रतिनिधि, विभिन्न शैक्षणिक संस्थानों के विद्यार्थी एवं बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

Latest News

Everyday news at your fingertips Try Ranjeet Times E-Paper