शिक्षण संस्थानों में भी पहुंचा इंदौर पुलिस का “नशे से दूरी है जरूरी 2.0” अभियान
स्कूल-कॉलेज, मदरसा एवं शैक्षणिक संस्थानों में छात्र-छात्राओं को नशे के दुष्परिणामों के प्रति किया जागरूक
नशे से दूर रहने की दिलाई शपथ, ड्रग्स की बिक्री या सेवन की सूचना पुलिस को देने का किया आह्वान
आदित्य शर्मा
इंदौर। युवाओं एवं समाज को नशे के दुष्परिणामों से बचाने और नशामुक्त समाज के निर्माण के उद्देश्य से “नशे से दूरी है जरूरी 2.0” अभियान के अंतर्गत इंदौर पुलिस कमिश्नरेट द्वारा विभिन्न जागरूकता गतिविधियां आयोजित की जा रही है।
इसी परिप्रेक्ष्य में आज पुलिस अधिकारियों एवं थाना स्तर की टीमों द्वारा शहर के विभिन्न स्कूलों, कॉलेजों, विश्वविद्यालयों, मदरसों एवं अन्य शैक्षणिक संस्थानों में पहुंचकर छात्र-छात्राओं को नशे के विरुद्ध जागरूक किया गया है।
अभियान के अंतर्गत एलन कोचिंग संस्थान में डीसीपी ज़ोन-03 श्री अभिषेक रंजन द्वारा सहायक पुलिस आयुक्त कोतवाली एवं थाना प्रभारी तुकोगंज सहित छात्र-छात्राओं से संवाद किया गया। इस दौरान विद्यार्थियों को नशे के दुष्प्रभावों तथा इससे होने वाले शारीरिक, मानसिक एवं सामाजिक दुष्परिणामों के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई। छात्र-छात्राओं को स्वस्थ जीवनशैली अपनाने और नशे से सदैव दूर रहने के लिए प्रेरित करते हुए नशामुक्त जीवन जीने की शपथ दिलाई गई।
इसी क्रम में अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त क्राइम श्री राजेश दंडोतिया एवं उनकी टीम द्वारा आकाश इंस्टीट्यूट में छात्र-छात्राओं को नशे के दुष्परिणामों के प्रति जागरूक किया गया। विद्यार्थियों को स्वस्थ एवं सकारात्मक जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित करते हुए नशे से दूर रहने की शपथ दिलाई गई।
अभियान के तहत थाना विजय नगर पुलिस द्वारा एपीजे अब्दुल कलाम यूनिवर्सिटी के विद्यार्थियों के साथ जागरूकता रैली निकाली गई। थाना एमजी रोड पुलिस द्वारा शासकीय नूतन हायर सेकेंडरी स्कूल में विद्यार्थियों को नशे के दुष्परिणामों के संबंध में जागरूक किया गया।
इसी प्रकार थाना खजराना क्षेत्र में एडिशनल डीसीपी ज़ोन 02 श्री अमरेंद्र सिंह व थाना प्रभारी द्वारा बड़ा मदरसा में पहुंचकर सभी को नशे के दुष्परिणामों की जानकारी दी गई। थाना एमआईजी पुलिस द्वारा क्रिश्चियन एमिनेंट स्कूल में विद्यार्थियों से संवाद कर उन्हें नशे से दूर रहने के लिए प्रेरित किया गया। वहीं थाना कनाड़िया पुलिस द्वारा कर्नाटका विद्या निकेतन स्कूल में छात्र-छात्राओं को नशे के विरुद्ध जागरूक किया गया।
इंदौर पुलिस की टीमों ने छात्र-छात्राओं को प्रेरित किया कि वे स्वयं नशे से दूर रहें और अपने परिवार, मित्रों एवं समाज के अन्य लोगों को भी नशे के दुष्परिणामों के प्रति जागरूक करें। साथ ही, यदि उनके आसपास किसी व्यक्ति द्वारा किसी भी प्रकार के ड्रग्स या मादक पदार्थों की बिक्री अथवा सेवन किया जाता है, तो इसकी सूचना तत्काल पुलिस को दें।
इंदौर पुलिस द्वारा आमजन से अपील की गई है कि नशे के विरुद्ध इस अभियान में सक्रिय भागीदारी निभाएं। नशे से संबंधित किसी भी प्रकार की सूचना संबंधित पुलिस थाने/कार्यलय या हेल्पलाइन नंबर 7049108283 पर दें- सूचना देने वाले व्यक्ति का नाम पूर्णतः गोपनीय रखा जाएगा।
नशे से दूरी है जरूरी.... स्वस्थ युवा, सुरक्षित समाज और उज्ज्वल भविष्य।

