मंडला में अमानवीय कृत्य का खुलासा: करंट से झुलसे युवक की मौत, तीन आरोपी भेजे गए जेल
मंडला। जिले के नैनपुर थाना क्षेत्र की पिंडरई चौकी अंतर्गत खिरसारू गांव में युवक-युवती के साथ मारपीट कर उन्हें बिजली के तार से करंट लगाने के मामले का पुलिस ने खुलासा किया है। घटना में गंभीर रूप से घायल युवक अभिषेक धुर्वे की 16 सितंबर को नागपुर में इलाज के दौरान मौत हो गई। पुलिस ने मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया।
पुलिस के मुताबिक 26 अगस्त को नैनपुर पुलिस को सूचना मिली थी कि खिरसारू गांव में एक युवक और युवती खेत में घायल अवस्था में पड़े हैं। दोनों के बीच करीब 100 से 200 मीटर की दूरी थी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों को नैनपुर अस्पताल में भर्ती कराया।
युवती होश में थी और बयान दे रही थी, जबकि अभिषेक की हालत गंभीर होने के कारण वह ठीक से बयान नहीं दे पा रहा था। अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद अभिषेक की गंभीर स्थिति को देखते हुए उसे नागपुर रैफर किया गया, जहां 16 सितंबर को इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
साभार अमर उजाला

