बड़ोदिया में पेयजल संकट से राहत की पहल: 6000 फीट नई पाइपलाइन निर्माण कार्य का शुभारंभ

  • Share on :

दिलीप पाटीदार 
बड़ोदिया ग्राम में लंबे समय से चली आ रही पेयजल समस्या के समाधान के लिए ग्राम पंचायत ने एक महत्वपूर्ण और सराहनीय कदम उठाया है। ग्रामीणों को नियमित और पर्याप्त पानी उपलब्ध कराने के उद्देश्य से शासकीय ट्यूबवेल से नई पानी की टंकी तक लगभग 6000 फीट लंबी पाइपलाइन बिछाने के कार्य का शुभ मुहूर्त किया गया।
गुरुवार को आयोजित इस शुभारंभ कार्यक्रम में ग्राम पंचायत के प्रतिनिधि, जनप्रतिनिधि तथा बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे। विधिवत पूजा-अर्चना के साथ इस कार्य की शुरुआत की गई, जिससे पूरे गांव में उत्साह और उम्मीद का माहौल देखने को मिला।
गौरतलब है कि बड़ोदिया में पिछले कुछ समय से पानी की कमी एक बड़ी समस्या बनी हुई थी। विशेषकर गर्मी के मौसम में ग्रामीणों को पेयजल के लिए काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ता था। कई बार दूर-दराज के स्रोतों से पानी लाना पड़ता था, जिससे महिलाओं और बच्चों पर अतिरिक्त बोझ पड़ता था।
नई पाइपलाइन के निर्माण से शासकीय ट्यूबवेल का पानी सीधे नई पानी की टंकी तक पहुंचाया जाएगा, जिससे पूरे गांव में जल आपूर्ति व्यवस्था को सुदृढ़ किया जा सकेगा। ग्राम पंचायत के अनुसार, इस परियोजना के पूर्ण होने के बाद गांव के हर घर तक नियमित रूप से पानी पहुंचाने की योजना है। ग्राम पंचायत के उपसरपंच जीवन पाटीदार ने बताया कि यह कार्य निर्धारित समयसीमा में पूर्ण करने का प्रयास किया जाएगा, ताकि जल्द से जल्द ग्रामीणों को इसका लाभ मिल सके। उन्होंने यह भी आश्वासन दिया कि पाइप लाइन आने से ग्रामीणों को पानी कि समस्या का सामना नहीं करना पड़ेगा। इस अवसर पर ग्राम पंचायत बड़ोदिया के उपसरपंच जीवन पाटीदार, रवि पाटीदार, मुराली पाटीदार , अशोक पाटीदार , घनश्याम पाटीदार, आदि उपस्थित थे। 

Latest News

Everyday news at your fingertips Try Ranjeet Times E-Paper