इंजरी टाइम का रोमांच: अर्जेंटीना ने इंग्लैंड का सपना तोड़ा, मेसी के दो असिस्ट से पलटा मैच, फाइनल में बनाई जगह

  • Share on :

जॉर्जिया। अर्जेंटीना ने सेमीफाइनल में इंग्लैंड को 2-1 से हराकर लगातार दूसरी बार फाइनल में जगह बना ली है। अर्जेंटीना का सामना अब खिताबी मुकाबले में स्पेन से होगा। अर्जेंटीना खिताब का बचाव करने से अब महज एक कदम दूर रह गई है। वहीं, इंग्लैंड का सफर सेमीफाइनल में ही थम गया है। इंग्लैंड और फ्रांस के बीच तीसरे स्थान के लिए मुकाबला होगा। इंग्लैंड ने दूसरे हाफ में गॉर्डन के गोल की मदद से बढ़त ली थी, लेकिन अर्जेंटीना ने सात मिनट के अंदर दो गोल करके मैच का रुख पलट दिया। 
अर्जेंटीना के लिए सबसे पहले इंजो फर्नांडेज ने गोल दागा और फिर इंजरी समय में लाउतारो मार्टिनेज ने गोल कर टीम को 2-1 की बढ़त दिलाई। अर्जेंटीना ने आखिरी समय तक इस बढ़त को बरकरार रखा। लियोनल मेसी भले ही इस मैच में गोल नहीं कर सके, लेकिन दोनों गोल करने में उन्होंने मदद की। मेसी ने अपने शानदार खेल से बताया कि क्यों वह टीम के स्टार खिलाड़ी हैं। अर्जेंटीना की जीत के बाद मेसी खुशी से झूम उठे और साथी खिलाड़ियों के साथ डांस करने लगे। 
इंग्लैंड और अर्जेंटीना के बीच शुरुआत से ही मैच में तल्खी देखने को मिली। मैच के शुरुआती मिनटों में ही इंग्लैंड और अर्जेंटीना के खिलाड़ियों के बीच तकरार हो गई। गेंद के लेने के प्रयास में अर्जेंटीना के एंजो फर्नेंडेज ने तीसरे मिनट में फाउल किया और इसी दौरान दोनों टीमों के खिलाड़ी एक दूसरे के आमने-सामने आ गए। हालांकि, रेफरी ने खिलाड़ियों को अलग किया। ऐसा पहले हाफ में कई बार हुआ जब दोनों टीमों के खिलाड़ी एक दूसरे से भिड़ गए। 
इंग्लैंड के एलियोट एंडरसन को येलो कार्ड दिखाया गया। 37वें मिनट में एंडरसन ने मेसी को धक्का दिया जिस कारण रेफरी ने उन्हें येलो कार्ड दिखाया। इसके बाद अर्जेटीना के लिसांद्रो मार्टिनेज को पीला कार्ड दिखाया गया। मैच के 42वें मिनट में मार्टिनेज ने रोजर्स की शर्ट खींची जिस कारण उन्हें रेफरी ने पीला कार्ड दिखाया। 
इंग्लैंड और अर्जेंटीना के बीच पहले हाफ तक मुकाबला गोल रहित बराबरी पर रहा। पहले हाफ तक दोनों टीमें एक भी गोल नहीं कर सकीं। इस दौरान इंग्लैंड और अर्जेंटीना के पास गोल करने के कई मौके आए, लेकिन दोनों ही इसे भुना नहीं सके। अर्जेंटीना के सिमोन ने छठे मिनट में फाउल किया और आठवें मिनट में इंग्लैंड को बढ़त लेने का मौका मिला। इंग्लैंड के डेकलैन राइस कॉर्नर किक के जरिये गोल करने से चूक गए। 24वें मिनट में अर्जेंटीना के मेसी के पास कॉर्नर किक के जरिये बढ़त लेने का मौका था, लेकिन वह ऐसा नहीं कर सके।  इंग्लैंड के पास गोल करने का अच्छा मौका था, लेकिन जॉन स्टोंस इससे चूक गए। दरअसल, 33वें मिनट में इंग्लैंड को फ्री किक मिली और स्टोंस ने शॉट खेला। लेकिन गेंद गोल पोस्ट के बगल से निकल गई। इस तरह गोल होने से बच गया। इसके बाद 36वें मिनट में इंग्लैंड को फिर बढ़त लेने के मौका मिला, लेकिन इस बार रीस जेम्स गोल करने से चूक गए। वहीं, पहले हाफ में अर्जेंटीना के पास गोल करने के दो मौके आए, लेकिन गत चैंपियन टीम इसे भुना नहीं सकी। 38वें मिनट में मेसी गोल करने से चूक गए, जबकि इसके चंद सेकेंड बाद एंजो फर्नांडेज ने टॉप राइट कॉर्नर से शॉट लगाया, लेकिन गेंद गोल पोस्ट के बगल से गुजर गई।
दूसरे हाफ की शुरुआत में ही अर्जेंटीना ने आक्रामक खेल दिखाया और गोल करने का प्रयास किया। 47वें मिनट में अर्जेंटीना के जुलियन एल्वारेज ने गोल करने का प्रयास किया, लेकिन इंग्लैंड के गोलकीपर ने इसे सफल नहीं होने दिया। इसके अगले मिनट में ही लियोनल मेसी ने कॉर्नर किक पर गोल का प्रयास किया, लेकिन यह भी सफल नहीं हो सका। अर्जेंटीना के क्रिस्टियन रोमेरियो को मैच रेफरी ने पीला कार्ड दिखाया। रोमेरिया ने बेलिंगहम को पीछे खींचा जिस कारण उन्हें येलो कार्ड दिखाया गया। इसी बीच, इंग्लैंड ने अर्जेंटीना के खिलाफ दूसरे हाफ में बढ़त ले ली। 55वें मिनट में मोर्गन रोजर्स के पास पर एंथनी गॉर्डन ने शानदार शॉट लगाया और अर्जेंटीना के गोलकीपर को छकाते हुए गेंद गोल पोस्ट के पार भेज दी। इंग्लैंड ने इस तरह गत चैंपियन टीम के खिलाफ 1-0 की बढ़त ली। इसके बाद अर्जेंटीना के लिए 61वें मिनट में एंडो फर्नांडेज ने गोल करने की कोशिश की, लेकिन इंग्लैंड ने उन्हें सफल नहीं होने दिया। 
बढ़त लेने के बावजूद इंग्लैंड ने आक्रामण जारी रखा। इंग्लैंड के हैरी केन ने 66वें मिनट में शानदार शॉट मारा, लेकिन अर्जेंटीना के गोलकीपर ने अपने प्रयास से गोल होने से रोक लिया। मेसी ने एक मिनट के अंदर दो बार कॉर्नर किक के जरिये गोल का प्रयास किया, लेकिन बराबरी नहीं दिला सके। फिर स्ब्स्टीट्यूट प्लेयर के तौर पर मैदान में उतरे निको गोंजालेज ने 69वें मिनट में में गोल करने की कोशिश की, लेकिन इस बार इंग्लैंड के गोलकीपर ने गोल होने से रोक दिया। 
अर्जेंटीना ने गोल करने के कुछ मौके जरूर बनाए, लेकिन उसके ये प्रयास सफल नहीं हो पा रहे थे। अर्जेंटीना के फैंस ने उस वक्त राहत की सांस ली जब  एंजो फर्नांडेज ने 85वें मिनट में लियोनल मेसी के पास पर शानदार गोल दागा और स्कोर 1-1 से बराबर किया। फर्नांडेज ने काफी दूर से शॉट लगाया, लेकिन इस बार वह इंग्लैंड के गोलकीपर को चकमा देने में सफल रहे। इससे पहले, लगातार अर्जेंटीना ने बराबरी का गोल दागने का प्रयास किया था, लेकिन सफल नहीं हो पा रहे थे। अर्जेंटीना और इंग्लैंड के बीच 90 मिनट तक स्कोर बराबरी पर रहा। 
साभार अमर उजाला

Latest News

Everyday news at your fingertips Try Ranjeet Times E-Paper