खरीफ सीजन में गुणवत्तापूर्ण कृषि आदान उपलब्ध कराने हेतु कृषि विभाग का सघन निरीक्षण अभियान

  • Share on :

शिवपुरी। कलेक्टर एवं जिला मजिस्ट्रेट श्री अर्पित वर्मा के निर्देशन में खरीफ वर्ष 2026 के दौरान कृषकों को उच्च गुणवत्ता के खाद, बीज एवं कीटनाशक उपलब्ध कराने के उद्देश्य से कृषि विभाग द्वारा जिले में सघन निरीक्षण अभियान संचालित किया जा रहा है।

इसी क्रम में शनिवार को उप संचालक कृषि श्री मुनेश कुमार शाक्य, सहायक संचालक कृषि श्रीमती डॉ. किरण रावत, जिला तकनीकी सहायक श्री रामलखन धाकड़ तथा वरिष्ठ कृषि विकास अधिकारी, विकासखंड पिछोर एवं खनियाधाना द्वारा विकासखंड पिछोर एवं खनियाधाना के खाद, बीज एवं कीटनाशक विक्रय प्रतिष्ठानों का औचक निरीक्षण किया गया।

निरीक्षण के दौरान चतुर्वेदी खाद एवं कीटनाशक केंद्र पिछोर, विनय ट्रेडर्स पिछोर, पाठक ट्रेडर्स पिछोर, लक्ष्मी ट्रेडर्स पिछोर, अजय ट्रेडर्स पिछोर, जय बाबा बीज भंडार, खनियाधाना तथा अकबर शाह बीज भंडार, खनियाधाना की जांच की गई। जांच के दौरान 4 प्रतिष्ठानों में अनियमितताएं पाए जाने पर संबंधित विक्रेताओं को कारण बताओ नोटिस जारी किए गए हैं। विभाग द्वारा नियमानुसार अग्रिम कार्रवाई भी की जाएगी।

कृषि विभाग ने जिले के समस्त कृषकों से अपील की है कि वे केवल अधिकृत विक्रेताओं एवं सहकारी समितियों से ही खाद, बीज एवं कीटनाशक क्रय करें। प्रत्येक खरीद पर पक्का बिल अवश्य प्राप्त करें तथा उसे सुरक्षित रखें। बिना बिल अथवा सस्ते के लालच में किसी भी प्रकार का खाद, बीज या कीटनाशक क्रय न करें। यदि किसी कृषक को नकली अथवा संदिग्ध कृषि आदान की बिक्री की जानकारी प्राप्त होती है, तो इसकी सूचना तत्काल कृषि विभाग को दें, ताकि समय पर आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके।

शिवपुरी जिला ब्यूरो चीफ हेमंत भार्गव

Latest News

Everyday news at your fingertips Try Ranjeet Times E-Paper