शांति वार्ता के बीच धमाकों से दहला ईरान: बुशहर प्रांत में एयर डिफेंस सिस्टम एक्टिव, अमेरिकी विमान को गिराने का दावा
नई दिल्ली. अमेरिका और ईरान के बीच चल रही शांति वार्ताओं के बीच खाड़ी क्षेत्र में एक बार फिर स्थिति तनावपूर्ण नजर आ रही है. शुक्रवार तड़के ईरान के तटीय प्रांत बुशहर और स्ट्रेट ऑफ हॉर्मुज में धमाकों की आवाजें सुनी गईं. ईरानी मीडिया ने दावा किया है कि ईरान के एयर डिफेंस सिस्टम ने बुशहर प्रांत के जाम इलाके में अमेरिकी सैन्य विमान को मार गिराया है. हालांकि, अमेरिका ने ईरान के इन दावों को सिरे से खारिज कर दिया है.
ईरानी समाचार एजेंसियों तस्नीम और फार्स के मुताबिक, शुक्रवार तड़के बुशहर प्रांत में आसमान अचानक मिसाइलों की रोशनी और धमाकों की आवाजों से गूंज उठा. जाम काउंटी के गवर्नर मसूद तंगेस्तानी के हवाले से ईरानी स्टेट टीवी ने कहा, 'आज रात एयर डिफेंस सिस्टम ने एक दुश्मन के लड़ाकू विमान को इंटरसेप्ट कर सफलतापूर्वक मार गिराया है.' ईरान का दावा है कि यह एक अमेरिकी विमान था.
हालांकि अमेरिकी अधिकारियों ने ईरान के इस दावे को पूरी तरह झूठा बताया है. रॉयटर्स के मुताबिक एक अमेरिकी अधिकारी ने साफ किया कि इस क्षेत्र में अमेरिका के किसी भी विमान को कोई नुकसान नहीं पहुंचा है.
साभार आज तक

