आतंकियों के खिलाफ भारत की हर मदद करने को तैयार इजरायल
नई दिल्ली। पहलगाम आतंकी हमले के बाद से इजरायल लगातार भारत के संपर्क में है। इजरायल ने खुले तौर पर कहा है कि वह आतंकियों के खिलाफ भारत की हर मदद करने को तैयार है। इजरायल के राजदूत रूवेन अजार ने जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में हुए आतंकी हमले की तुलना 7 अक्टूबर 2023 को इजरायल पर हुए हमास के हमले से की। उन्होंने कहा कि वे भारत के आत्मरक्षा के अधिकार का पुरजोर समर्थन करते हैं। पहलगाम हमले को पिछले दो दशकों में नागरिकों पर सबसे घातक हमलों में से एक माना जा रहा है। अजार ने कहा कि इजरायल भारत के साथ कंधे से कंधा मिलाकर खड़ा है और आतंकवाद के खिलाफ लड़ाई में भारत को हर संभव सहायता प्रदान करने को तैयार है।
WION को दिए एक इंटरव्यू में इजरायल के राजदूत रूवेन अजार ने कहा, "हम भारत के आत्मरक्षा के अधिकार का समर्थन करते हैं। भारत जानता है कि उसे क्या करना है। यह एक संप्रभुता का मामला है। देशों को आत्मरक्षा का अधिकार है, और भारत के पास वह पूरा हक है। भारत को पूरी छूट है कि वह अपने तरीके से जवाब दे। भारत ने आतंकवाद के खिलाफ अपनी मजबूत नीति दिखाई है और हमारा मानना है कि भारत आतंकवाद के सामने कभी नहीं झुकेगा।" उन्होंने यह भी कहा कि इजरायल आतंकवाद से निपटने के लिए भारत के साथ खुफिया जानकारी, टेक्नोलॉजी, और अन्य क्षेत्रों में सहयोग को और मजबूत करने के लिए प्रतिबद्ध है।
साभार लाइव हिन्दुस्तान