इसरो ने EOS-09 सैटेलाइट को किया लॉन्च, लेकिन कुछ मिनटों में ही हुआ असफल
श्रीहरिकोटा। भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन (इसरो) ने रविवार को अपने 101वें मिशन के तहत EOS-09 सैटेलाइट को पोलर सैटेलाइट लॉन्च व्हीकल (PSLV-C61) के जरिए लॉन्च किया, लेकिन यह मिशन कुछ ही मिनटों में असफल हो गया। पीएसएलवी-सी61 रॉकेट 44.5 मीटर ऊंचा और 321 टन वजनी था। यह सुबह 5:59 बजे श्रीहरिकोटा के सतीश धवन अंतरिक्ष केंद्र के पहले लॉन्च पैड से रवाना हुआ। इसरो के अनुसार, रॉकेट के पहले और दूसरे चरण ने सामान्य रूप से काम किया, लेकिन तीसरे चरण में खामी देखी गई। इस चरण में एक ठोस रॉकेट मोटर होता है। नारायणन ने कहा, "तीसरे चरण का मोटर पूरी तरह शुरू हुआ, लेकिन इसके संचालन के दौरान एक खामी दिखी जिसके कारण मिशन को पूरा नहीं किया जा सका।"
EOS-09 को सूर्य समकालिक ध्रुवीय कक्षा में स्थापित किया जाना था, लेकिन तकनीकी समस्या के चलते सैटेलाइट को उसकी निर्धारित कक्षा में नहीं पहुंचाया जा सका। इसरो प्रमुख वी नारायणन ने कहा कि संगठन इस विफलता के कारणों का गहन विश्लेषण कर रहा है। उन्होंने आश्वासन दिया कि टेलीमेट्री डेटा की पूरी जांच के बाद विस्तृत जानकारी शेयर की जाएगी। इसरो ने यह भी पुष्टि की कि 2025 में चार और पीएसएलवी प्रक्षेपण निर्धारित हैं, और इस असफलता से सबक लेकर भविष्य के मिशनों को और मजबूत किया जाएगा। इसरो ने एक्स पर लिखा, “PSLV-C61 का प्रदर्शन दूसरे चरण तक सामान्य रहा। तीसरे चरण में एक तकनीकी ऑब्जर्वेशन के कारण मिशन पूरा नहीं हो पाया।”
साभार लाइव हिन्दुस्तान