संयुक्त पुलिस टीम की धानी घाटी में दबिश, 20 संदिग्ध वाहन जब्त, दो आरोपी गिरफ्तार
पत्रकार खुशबू श्रीवास्तव
इंदौर। अपराधियों और संदिग्ध गतिविधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना बाणगंगा, हीरानगर और तुकोगंज की संयुक्त पुलिस टीम ने देवास जिले की धानी घाटी स्थित कंजर डेरों पर दबिश देकर बड़ी कार्रवाई की। पुलिस की इस कार्रवाई से इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
मिली जानकारी के अनुसार पुलिस को लंबे समय से यहां संदिग्ध गतिविधियों की सूचना मिल रही थी। इसी आधार पर तीनों थानों की टीम ने संयुक्त रूप से योजनाबद्ध तरीके से दबिश दी। कार्रवाई के दौरान मौके से 20 संदिग्ध वाहनों को जब्त किया गया। इन वाहनों के नंबर और दस्तावेजों की जांच की जा रही है, ताकि उनके मालिकों और उपयोग के बारे में जानकारी जुटाई जा सके।
पुलिस ने मौके से दो संदेहियों को गिरफ्तार भी किया है। दोनों से पूछताछ जारी है। प्रारंभिक जांच में पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि इन वाहनों का इस्तेमाल किसी आपराधिक गतिविधि में तो नहीं किया जा रहा था।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि यह कार्रवाई अपराध नियंत्रण और संदिग्ध तत्वों पर नजर रखने के उद्देश्य से की गई है। मामले की जांच आगे बढ़ने के साथ और भी महत्वपूर्ण खुलासे होने की संभावना जताई जा रही है।

