धूमधाम से निकली कलश यात्रा, श्रीमद् भागवत कथा का हुआ भव्य शुभारंभ
शिवपुरी से ऋषि गोस्वामी की रिपोर्ट
शिवपुरी। शहर के विजयपुरम कॉलोनी में आज भक्ति और उत्साह का अनूठा संगम देखने को मिला। स्थानीय शीतला माता मंदिर में प्रतिवर्षानुसार इस वर्ष भी श्रीमद् भागवत कथा का भव्य आयोजन शुरू हो गया है। कार्यक्रम के प्रथम दिन ठाकुर बाबा मंदिर से शीतला माता मंदिर तक एक विशाल कलश यात्रा निकाली गई, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए।
भक्तिमय माहौल में निकली कलश यात्रा
कलश यात्रा के दौरान महिलाएं सिर पर मंगल कलश धारण कर भक्ति गीतों पर झूमती नजर आईं। गाजे-बाजे के साथ निकली इस यात्रा ने पूरे क्षेत्र को धर्ममय कर दिया। स्थानीय निवासी चंद्रेश मंगल ने बताया कि कॉलोनी वासियों के सहयोग से आयोजित इस कथा का उद्देश्य क्षेत्र में सुख-शांति और सौहार्द को बढ़ावा देना है।
11 अप्रैल को होगा भव्य भंडारा
आज 4 अप्रैल से शुरू हुई यह कथा आगामी 11 अप्रैल तक चलेगी। कथा के अंतिम दिन पूर्णाहुति और विशाल भंडारे का आयोजन किया जाएगा, जिसमें सभी भक्तों को प्रसाद वितरण किया जाएगा।
आयोजकों ने समस्त धर्मप्रेमी जनता से कथा श्रवण कर पुण्य लाभ कमाने की अपील की है।

