करैरा पुलिस की बड़ी कार्रवाई: अवैध देशी कट्टा और जिंदा कारतूस के साथ आरोपी गिरफ्तार
शिवपुरी जिला ब्यूरो चीफ हेमंत भार्गव
करैरा। शिवपुरी जिले के करैरा थाना पुलिस ने अवैध हथियारों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत एक आरोपी को देशी कट्टा और जिंदा कारतूस सहित गिरफ्तार करने में सफलता प्राप्त की है। आरोपी किसी वारदात को अंजाम देने की नीयत से संदिग्ध अवस्था में खड़ा मिला था।
पुलिस अधीक्षक शिवपुरी श्रीमती यांगचेन डोलकर भुटिया के निर्देशानुसार जिलेभर में अवैध हथियार रखने वालों एवं आपराधिक गतिविधियों में संलिप्त लोगों के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री संजीव मुले एवं एसडीओपी करैरा डॉ. आयुष जाखड़ के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी निरीक्षक विनोद सिंह छावई के नेतृत्व में पुलिस टीम सक्रिय रूप से अभियान चला रही है।
पुलिस को शुक्रवार को मुखबिर से सूचना प्राप्त हुई कि एक युवक नई गल्ला मंडी के पीछे संभूदयाल कॉलोनी के पास अवैध 315 बोर का कट्टा लेकर खड़ा है और किसी आपराधिक घटना को अंजाम देने की फिराक में है। सूचना पर तत्काल पुलिस टीम मौके पर पहुंची। पुलिस को देखकर संदिग्ध युवक भागने का प्रयास करने लगा, लेकिन घेराबंदी कर उसे पकड़ लिया गया।
पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम संजय जाटव (29 वर्ष) पुत्र मायाराम जाटव निवासी न्यू कॉलोनी, करैरा बताया। तलाशी के दौरान उसकी कमर से एक अवैध 315 बोर का देशी कट्टा तथा पैंट की जेब से एक जिंदा कारतूस बरामद किया गया। आरोपी हथियार एवं कारतूस रखने का कोई वैध लाइसेंस प्रस्तुत नहीं कर सका।
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से कट्टा और कारतूस जब्त कर उसके विरुद्ध अपराध क्रमांक 357/26 के तहत धारा 25/27 आर्म्स एक्ट में मामला दर्ज कर गिरफ्तार कर लिया है।
आरोपी पर पहले से दर्ज हैं कई मामले
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी संजय जाटव के खिलाफ करैरा थाने में पूर्व से भी कई आपराधिक मामले दर्ज हैं। इनमें मारपीट, धमकी तथा आर्म्स एक्ट से संबंधित प्रकरण शामिल हैं। आरोपी का आपराधिक रिकॉर्ड होने के कारण पुलिस उससे अन्य मामलों में भी पूछताछ कर रही है।
इन पुलिसकर्मियों की रही महत्वपूर्ण भूमिका
कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक विनोद सिंह छावई, उप निरीक्षक शैलेन्द्र सिंह चौहान, प्रधान आरक्षक राजेन्द्र यादव, आरक्षक राघवेन्द्र पाल एवं थाना करैरा की पुलिस टीम की सराहनीय भूमिका रही। पुलिस अधिकारियों ने टीम की तत्परता और सूझबूझ की प्रशंसा की है।

