18 घंटे में महिला व दो बच्चों का अपहरण सुलझा, नरवर पुलिस ने दो आरोपियों को किया गिरफ्तार

  • Share on :

शिवपुरी से ऋषि गोस्वामी की रिपोर्ट
शिवपुरी।  नरवर थाना पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए महिला व उसके दो मासूम बच्चों के अपहरण के मामले में बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने मात्र 18 घंटे के भीतर अपहृत महिला एवं दोनों बच्चों को सकुशल आरोपियों के कब्जे से मुक्त कराते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, दिनांक 13 जनवरी 2026 को फरियादी नरेन्द्र जाटव निवासी मुवारिकपुर, थाना नरवर ने रिपोर्ट दर्ज कराई कि उसकी 32 वर्षीय पत्नी व 5 एवं 7 वर्ष के दो बच्चों का आरोपी जगत सिंह जाटव, पदम सिंह जाटव एवं एक अन्य व्यक्ति द्वारा अपहरण कर लिया गया है। इस पर थाना नरवर में अपराध क्रमांक 07/26 धारा 137(2), 140(3), 3(5) बीएनएस के तहत मामला पंजीबद्ध कर विवेचना प्रारंभ की गई।
अपहरण की घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस अधीक्षक शिवपुरी  अमन सिंह राठौड़ ने मामले की गंभीरता को देखते हुए तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक  संजीव मुले एवं एसडीओपी करैरा  आयुष जाखड़ तथा एसडीओपी पिछोर  प्रशांत शर्मा के निर्देशन में विशेष पुलिस टीमें गठित की गईं।
पुलिस द्वारा घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच की गई एवं मुखबिर एवं को सक्रिय किया गया। इसी दौरान सूचना प्राप्त हुई कि आरोपी अपहृता महिला एवं बच्चों को ग्राम पाडरखेड़ा जंगीपुर स्थित तालाब के पास लेकर बैठे हुए हैं। सूचना मिलते ही थाना नरवर, गोपालपुर एवं बैराड की संयुक्त पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और अपहृतों को सकुशल मुक्त कराया।
पुलिस ने आरोपी जगत सिंह जाटव निवासी निजामपुर मगरोनी, थाना नरवर एवं शिवकुमार गुर्जर निवासी भीकनपुर, फतेहाबाद (आगरा) को गिरफ्तार किया है। अन्य आरोपियों की तलाश जारी है। गिरफ्तार आरोपियों को सक्षम न्यायालय में प्रस्तुत किया जाएगा।
इस सफल कार्रवाई में थाना प्रभारी नरवर निरीक्षक विनय यादव सहित नरवर, गोपालपुर एवं बैराड थाना स्टाफ की सराहनीय भूमिका रही।

Latest News

Everyday news at your fingertips Try Ranjeet Times E-Paper