पिछोर में किसान कांग्रेस की जन आंदोलन यात्रा, सरकार के खिलाफ भरा हुंकार
दैनिक रणजीत टाइम्स
पिछोर (शिवपुरी) प्रदेश किसान कांग्रेस के आह्वान पर जिला किसान कांग्रेस कमेटी के नेतृत्व में पिछोर विधानसभा क्षेत्र में किसान जन आंदोलन यात्रा भव्य रूप से निकाली गई। यात्रा में किसानों, मजदूरों और कांग्रेस कार्यकर्ताओं की भारी भीड़ देखने को मिली। गाजे-बाजे के साथ निकली इस यात्रा ने क्षेत्र में राजनीतिक माहौल को गरमा दिया।
किसान कांग्रेस के नव निर्वाचित ब्लॉक अध्यक्षों की अगुवाई में यात्रा की शुरुआत भौंती ब्लॉक के ग्राम मनपुरा स्थित अंबेडकर पार्क से हुई। इसके बाद पिछोर ब्लॉक में किसान कांग्रेस के ब्लॉक अध्यक्ष ठाकुरदार लोधी के नेतृत्व में ग्राम बीरपुर में कार्यक्रम आयोजित किया गया। यात्रा विभिन्न ग्रामों से होते हुए शाम चार बजे रेडी चौराहा पहुंची, जहां खनियाधाना ब्लॉक किसान कांग्रेस अध्यक्ष राजकुमार पाल द्वारा जिला अध्यक्ष सहित सभी नेताओं का भव्य स्वागत किया गया।
यात्रा के मुख्य अतिथि किसान कांग्रेस जिला अध्यक्ष पुरुषोत्तम रावत रहे। अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि नव निर्वाचित ब्लॉक अध्यक्षों को किसान, मजदूर और गरीब वर्ग की सेवा के लिए चुना गया है। उन्होंने आरोप लगाया कि मध्यप्रदेश की सरकार किसानों पर लगातार अत्याचार कर रही है और किसान विरोधी नीतियां लागू कर रही है। रावत ने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि किसी प्रशासनिक अधिकारी या कर्मचारी ने किसान कांग्रेस के पदाधिकारियों की बात नहीं सुनी तो कांग्रेस पार्टी का शीर्ष नेतृत्व उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई करेगा।
पूर्व कांग्रेस प्रत्याशी अरविंद लोधी ने कहा कि अब समय आ गया है कि सभी लोग एकजुट होकर सरकार की जनविरोधी नीतियों के खिलाफ संघर्ष करें।
कार्यक्रम में अखिल भारतीय कांग्रेस पार्टी जिला महामंत्री अमूल लोधी कांग्रेस नेता सचिन पाल पिछोर ब्लॉक अध्यक्ष अनिल गुप्ता, खनियाधाना ब्लॉक अध्यक्ष परमाल सिंह यादव सहित कई वरिष्ठ कांग्रेस नेताओं ने पार्टी को मजबूत करने और ओबीसी, एससी, एसटी वर्गों के अधिकारों की लड़ाई मजबूती से लड़ने की बात कही।
जन आंदोलन यात्रा में बड़ी संख्या में किसान, कार्यकर्ता और स्थानीय नागरिक शामिल हुए, जिससे क्षेत्र में कांग्रेस की सक्रियता और संगठनात्मक मजबूती का प्रदर्शन देखने को मिला।

