कोतवाली पुलिस की बड़ी स्ट्राइक: 5 लाख के माल सहित दो शातिर चोर गिरफ्तार, लोडिंग वाहन जब्त
शिवपुरी से ऋषि गोस्वामी की रिपोर्ट
शिवपुरी। शहर की कोतवाली पुलिस ने मुस्तैदी दिखाते हुए नकबजनी की दो बड़ी वारदातों का पर्दाफाश किया है। थाना प्रभारी रोहित दुबे के नेतृत्व में की गई इस कार्रवाई में पुलिस ने दो शातिर चोरों को दबोचकर उनके कब्जे से करीब 5 लाख रुपये कीमत का चोरी गया सामान और वारदात में इस्तेमाल लोडिंग वाहन बरामद किया है।
दो अलग-अलग वारदातों को दिया था अंजाम
बता दें कि बीते 27 मार्च को शहर के चतुर्भुज हॉस्पिटल के पास स्थित एक गोदाम और ध्यान केंद्र को चोरों ने निशाना बनाया था।
पहली वारदात: फरियादी अमित कुमार श्रीवास्तव के गोदाम से तीन नए फ्रिज चोरी हुए थे।
दूसरी वारदात: अभिनव भटनागर के ध्यान केंद्र से मिक्सर, एलईडी टीवी, साउंड सिस्टम और पीतल की प्राचीन वस्तुएं पार की गई थीं।
इन घटनाओं के बाद पुलिस अधीक्षक अमन सिंह राठौड़ ने मामले की गंभीरता को देखते हुए आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी के निर्देश दिए थे।
सीसीटीवी और मुखबिर तंत्र से मिली सफलता
एएसपी संजीव मुले और सीएसपी संजय चतुर्वेदी के मार्गदर्शन में कोतवाली टीआई रोहित दुबे ने एक विशेष टीम गठित की। टीम ने शहर के दर्जनों सीसीटीवी फुटेज खंगाले और अपने सूचना तंत्र को सक्रिय किया।
शनिवार को पुलिस को सटीक सूचना मिली कि दो संदिग्ध ग्वालियर बायपास रोड पर लोडिंग वाहन में चोरी का माल बेचने की फिराक में हैं। पुलिस ने घेराबंदी कर घेराबंदी कर राजू कुशवाह (30) निवासी कोलारस और देवेन्द्र कुशवाह (28) निवासी बैराड़ को धर दबोचा।
बरामद सामान और आरोपी का पुराना रिकॉर्ड
पुलिस ने आरोपियों के पास से निम्नलिखित सामान बरामद किया है:
3 बड़े नए फ्रिज
एलईडी टीवी, साउंड सिस्टम और डिजिटल प्लेयर
पीतल की मूर्तियाँ, कलश, त्रिशूल और थालियाँ
वारदात में प्रयुक्त लोडिंग वाहन
पकड़े गए आरोपियों में से राजू कुशवाह एक आदतन अपराधी है, जिस पर पहले से ही विभिन्न थानों में 10 आपराधिक मामले दर्ज हैं। पुलिस अब इनसे अन्य चोरियों के संबंध में भी पूछताछ कर रही है।
इनकी रही सराहनीय भूमिका
इस बड़ी कामयाबी में टीआई रोहित दुबे के साथ उनि. सुमित शर्मा, उनि. अमित चतुर्वेदी, प्रधान आरक्षक संतोष बैस, अवतार सिंह और आरक्षक अजय यादव, बृजेश जादौन, महेन्द्र तोमर, राहुल कुमार, अजीत राजावत, शिवकुमार व सोमवीर की विशेष भूमिका रही।

