इनोवेशन अपनाकर मध्यप्रदेश बनेगा उद्यमिता का हब - मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने सिंहासा आईटी पार्क में किया लांचपैड इनक्यूबेशन एवं इनोवेशन सेंटर का लोकार्पण
इन्दौर। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा है कि देश के प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में मध्यप्रदेश तेजी से विकास के पथ पर अग्रसर है। आज मध्यप्रदेश का युवा अपनी सोच को आकार देकर नए-नए इनोवेशन कर आईटी तकनीकी के माध्यम से स्टार्टअप कर रहे हैं। प्रधानमंत्री श्री मोदी के मंशा के अनुरूप वर्ष 2047 तक मध्यप्रदेश स्टार्टअप एवं इनोवेशन को अपनाते हुए उद्यमिता विकास का हब बन जाएगा।
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव इंदौर के सिंहासा में स्थित आईटी पार्क में बने लॉन्चपैड इनक्यूबेशन एवं इनोवेशन सेंटर के लोकार्पण कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। इस दौरान मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस के कारण आज दुनिया तेजी से बदल रही है। आज के समय में इंसान को उसके ज्ञान से ही मापा जाता है। उन्होंने कहा कि युवा नवीन तकनीकी को अपनाएं और स्टार्टअप करें एवं दूसरों को रोजगार देने वाले सफल उद्यमी बने।
लांचपैड सेंटर का किया निरीक्षण
लॉन्चपेड इनोवेशन सेंटर के लोकार्पण कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने युवाओं द्वारा अपनी सोच को नवीन तकनीकी से आकर देकर निर्मित की गई अत्याधुनिक मशीनों का अवलोकन किया। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि गत वर्ष इस सेंटर का भूमि पूजन किया था और आज उसके लोकार्पण अवसर पर युवाओं की आधुनिक सोच एवं आइडियाज को देखकर अति प्रसन्नता हो रही है।
स्टार्टअप वाले युवाओं से किया संवाद
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने अपने आइडिया से स्टार्टअप शुरू करने वाले युवा उद्यमियों से चर्चा की। इस दौरान मुख्यमंत्री जी ने युवा उद्यमियों से जाना की वे किस क्षेत्र में कार्य कर रहे है। युवाओं के कार्यों के बारे में जानकर उनका हौंसला बढ़ाते हुए कहा की किसी भी कार्य को करने की अगर हमारी मंशा सही है तो उस कार्य में हमें अवश्य ही सफलता मिलती है।
कार्यक्रम के दौरान भारतीय औद्योगिक प्रबंध संस्थान इंदौर के निदेशक श्री सुभाष एस जोशी ने बताया कि “लॉन्चपैड : इन्क्यूबेशन एवं इनोवेशन सेंटर” की स्थापना आईआईटीआई दृष्टि सीपीएस फाउंडेशन (आईआईटी इंदौर का टेक्नोलॉजी ट्रांसलेशन एवं रिसर्च पार्क) तथा विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विभाग के मध्यप्रदेश स्टेट इलेक्ट्रॉनिक्स डेवलपमेंट कॉर्पोरेशन (एमपीएसईडीसी) के संयुक्त सहयोग से की गई है। इस केंद्र का उद्देश्य डीप-टेक नवाचार को प्रोत्साहित करना, उच्च प्रभाव वाले स्टार्टअप्स को बढ़ावा देना, उन्नत विनिर्माण तथा उभरती प्रौद्योगिकियों के क्षेत्र में प्रदेश को सशक्त बनाना और उद्योग एवं अकादमिक जगत के बीच सहयोग को मजबूत करना है।
विभिन्न कंपनियों के उद्यमियों से की चर्चा
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने सूचना एवं प्रौद्योगिकी के क्षेत्र में कार्य कर रही विभिन्न कंपनियों के उद्यमियों से भी चर्चा की । इस दौरान मुख्यमंत्री जी ने सभी उद्यमियों से कहा कि अपनी कंपनियों में युवाओं को काम करने का मौका दे एवं उन्हें अधिक से अधिक रोजगार के अवसर उपलब्ध कराए। हमारे देश में युवाओं के पास एक नई एवं आधुनिक सोच है हमारा देश चौथी अर्थव्यवस्था के रूप में उभर कर आगे बढ़ रहा है।
कार्यक्रम में जल संसाधन मंत्री श्री तुलसीराम सिलावट, महापौर श्री पुष्यमित्र भार्गव, विधायक श्री रमेश मेंदोला, श्रीमती मालिनी गौड़, श्री महेन्द्र हार्डिया, श्री गोलू शुक्ला, श्री मधु वर्मा, सुश्री उषा ठाकुर, श्री मनोज पटेल, श्री सावन सोनकर, श्री सुमित मिश्रा संभागायुक्त डॉ. सुदाम खाड़े, पुलिस कमिश्नर श्री संतोष कुमार सिंह, कलेक्टर श्री शिवम वर्मा तथा नगर निगम आयुक्त श्री क्षितिज सिंघल उपस्थित थे।

