मगरौनी पुलिस का स्मैक तस्करों पर बड़ा प्रहार: 7.2 ग्राम स्मैक और बाइक सहित ₹1.30 लाख का मशरूका जब्त, आरोपी गिरफ्तार

  • Share on :

शिवपुरी जिला ब्यूरो चीफ : हेमंत भार्गव
शिवपुरी/नरवर । जिले में अवैध मादक पदार्थों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत चौकी मगरोनी थाना नरवर पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए 7.2 ग्राम स्मैक एवं एक हीरो डीलक्स मोटरसाइकिल सहित कुल ₹1.30 लाख का मशरूका जब्त कर एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी को न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया गया है।
पुलिस अधीक्षक यांगचेन डोलकर भूटिया (भा.पु.से.) के निर्देश पर जिले भर में अवैध मादक पदार्थ,शराब, गांजा और स्मैक के कारोबारियों के विरुद्ध विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक  संजीव मुले एवं एसडीओपी करैरा प्रशांत शर्मा के मार्गदर्शन तथा थाना प्रभारी नरवर निरीक्षक विनय यादव के नेतृत्व में चौकी मगरोनी पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर कार्रवाई की।
पुलिस को सूचना मिली थी कि एक युवक काले रंग की हीरो डीलक्स मोटरसाइकिल से ग्राम पीपल खाड़ी नहर स्थित हनुमान मंदिर के पास स्मैक बेचने की फिराक में खड़ा है।
मुखविंर की सूचना पर पुलिस टीम ने तत्काल घेराबंदी कर आरोपी सोनू गुर्जर (24 वर्ष) पुत्र विजय सिंह गुर्जर, निवासी ग्राम डोंगरी थाना बम्हारी, हाल निवासी चंदनपुरा मगरोनी, को गिरफ्तार किया।
तलाशी के दौरान आरोपी के कब्जे से 7.2 ग्राम स्मैक (अनुमानित कीमत ₹50 हजार) एवं एक हीरो डीलक्स मोटरसाइकिल (कीमत ₹80 हजार) बरामद हुई। पुलिस ने कुल ₹1.30 लाख का मशरूका जब्त कर आरोपी के विरुद्ध अपराध क्रमांक 127/26 के तहत धारा 8/21 एनडीपीएस एक्ट में मामला दर्ज किया। आरोपी को 17 जुलाई 2026 को माननीय न्यायालय शिवपुरी में पेश कर जेल दाखिल कराया गया।
पुलिस के अनुसार आरोपी के अन्य तस्करों से जुड़े नेटवर्क और मादक पदार्थों की सप्लाई चेन के संबंध में गहन अनुसंधान जारी है। आरोपी के विरुद्ध पूर्व में भी थाना नरवर में अपराध क्रमांक 286/24 के तहत विभिन्न धाराओं में प्रकरण दर्ज है।
इस सराहनीय कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक विनय यादव, चौकी प्रभारी उनि. अभिमन्यु राजावत, सउनि. दिनेश यादव, प्रधान आरक्षक भोले सिंह, आरक्षक राघवेन्द्र तोमर, सचिन यादव, बीरेन्द्र गुर्जर एवं शिवराज यादव की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

Latest News

Everyday news at your fingertips Try Ranjeet Times E-Paper