महानगर गैस लिमिटेड का फैसला: मुंबई, ठाणे और नवी मुंबई में आज से महंगी हुई गैस
सीएनजी की कीमतों में आज इजाफा हुआ है। महानगर गैस लिमिटेड ने मुंबई में कीमतों में बढ़ोतरी की है। देश की आर्थिक राजधानी में इस बढ़ोतरी के बाद सीएनजी का रेट 86 रुपये प्रति किलोग्राम के स्तर पर पहुंच गया है। इसके अलावा पाइप के जरिए दी जाने वाली कुकिंग गैस का रेट भी 52 पैसे पर यूनिट बढ़ाया गया है। बता दें, बीते हफ्ते दिल्ली-NCR में सीएनजी की कीमतों में इजाफा किया था। इस क्षेत्र में 15 मई से चौथी बार कीमतों को बढ़ाया गया था।
मुंबई, ठाणे, नवी मुंबई, अंधेरी, कुर्ला सहित अन्य क्षेत्रों में सीएनजी के रेट 86 रुपये प्रति किलोग्राम हो गया है। इसके अलावा पीएनजी की कीमतों में 52 रुपये प्रति यूनिट की बढ़ोतरी आज हुई है। जिसका असर 31 लाख घरों पर पड़ेगा। बता दें, न्यूज18 मराठी की रिपोर्ट के अनुसार इससे पहले 14 मई को कीमतों में इजाफा किया गया था। तब सीएनजी के रेट को 2 रुपये प्रति किलोग्राम बढ़ाया गया था।
टाइम्स ऑफ इंडिया की रिपोर्ट के अनुसार महानगर गैस लिमिटेड के अधिकारी का कहना है, “वैश्विक तनाव की वजह से सप्लाई चेन पर बुरा असर पड़ा है। जिसकी वजह से महंगे स्त्रोतों पर निर्भर होना पड़ रहा है। कच्चे तेल की कीमतों में जारी तेजी और रुपये की कीमत में गिरावट ने भी गैस खरीद को महंगा बना दिया है। जिसकी वजह से सीएनजी की कीमतों में 2 रुपये प्रति किलोग्राम और पीएनजी की कीमतों में 52 पैसे प्रति यूनिट का इजाफा किया गया है।”
साभार लाइव हिन्दुस्तान

