पटना में करमा पूजा विसर्जन के दौरान बड़ा हादसा: गंगा नदी में डूबने से एक की मौत, 6 लापता

  • Share on :

पटना। पटना जिले के बाढ़ अनुमंडल में करमा पूजा के बाद मूर्ति विसर्जन के दौरान बड़ा हादसा हो गया। बाढ़, अथमलगोला और बख्तियारपुर थाना क्षेत्रों में गंगा नदी में मूर्ति विसर्जन के दौरान भाई-बहन समेत 11 लोग डूबने लगे। हादसे में चार लोगों को स्थानीय लोगों ने सुरक्षित बचा लिया, जबकि एक युवक का शव बरामद किया गया है। वहीं, छह लोगों की तलाश अभी जारी है। अलग-अलग घटनाओं के बाद स्थानीय गोताखोरों के साथ एसडीआरएफ की टीम को भी सूचना दी गई है।
बाढ़ थाना क्षेत्र के पोस्ट ऑफिस घाट पर करमा-धर्मा पूजा को लेकर मूर्ति विसर्जन करने पहुंचे तीन युवक गंगा में डूबने लगे। स्थानीय लोगों ने इनमें से एक युवक को बचा लिया, जबकि दो युवक नदी में डूब गए। डूबे युवकों की पहचान गुलाबबाग नया टोला निवासी पीयूष कुमार (10), पिता प्रेम पंडित और सुजीत कुमार (15), पिता बबलू चौधरी के रूप में हुई है। पीयूष की मां पूजा देवी ने बताया कि उन्होंने अपने बेटे को मूर्ति विसर्जन के लिए भेजा था। उसके पिता भी पीछे से गंगा घाट की ओर जा रहे थे। इसी दौरान पीयूष का एक दोस्त भी मूर्ति विसर्जन के लिए वहां पहुंचा।
मूर्ति विसर्जन के बाद दोस्त ने पीयूष समेत अन्य युवकों से स्नान करने के लिए कहा। इसके बाद सभी एक साथ गंगा में स्नान करने लगे। इसी दौरान तीन युवक डूबने लगे। एक युवक को लोगों ने बचा लिया, लेकिन उनका बेटा पीयूष गंगा में डूब गया। बाढ़ की अंचलाधिकारी रानी कुमारी ने बताया कि दो युवक गंगा में डूब गए हैं। मौके पर रेस्क्यू अभियान चलाया जा रहा है। एसडीआरएफ की टीम को सूचना दी गई है। स्थानीय गोताखोर भी दोनों युवकों की तलाश में जुटे हुए हैं।
साभार अमर उजाला

Latest News

Everyday news at your fingertips Try Ranjeet Times E-Paper