मणिपुर में सीमा पार से बड़ा हमला: कामजोंग में 4 लोगों की हत्या, KNA-B पर शक
इम्फाल, मणिपुर. मणिपुर के कामजोंग जिले के पिलोंग गांव में गुरुवार को एक हथियारबंद हमले में चार लोगों की मौत हो गई. पुलिस के मुताबिक यह हमला दोपहर करीब 4 बजे हुआ. पिलोंग गांव इंडो म्यांमार बॉर्डर पिलर नंबर 95 के पास स्थित है और चासाड पुलिस स्टेशन से करीब 30 किलोमीटर दूर है. पुलिस को शक है कि हमलावर इंडो म्यांमार सीमा पार से आए थे.
एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने नाम न बताने की शर्त पर कहा कि हमला संभवतः सीमा पार से आए हथियारबंद लोगों ने किया. इस हमले में एक पिता और उनके बेटे समेत चार लोग मारे गए, जबकि अखन कापिंग नाम का एक व्यक्ति किसी तरह बचकर भाग निकला और उसी ने इस घटना की जानकारी दी. चासाड पुलिस स्टेशन के प्रभारी अधिकारी की अगुवाई में एक पुलिस टीम स्थानीय लोगों और असम राइफल्स के साथ मिलकर शव और घायल व्यक्ति को लाने के लिए पिलोंग गांव पहुंची.
पुलिस ने अभी तक इस हमले के पीछे जिम्मेदार लोगों की पुष्टि नहीं की है, लेकिन खबरों के अनुसार कुकी नेशनल आर्मी बर्मा यानी केएनए-बी गुट पर शक जताया जा रहा है. स्थानीय लोगों ने मृतकों की पहचान फामी जाजो, निंगथेम जिंगसुई, बेटरसन जाजो और वारेइशिम जाजो के रूप में की है, हालांकि अधिकारियों ने अभी इसकी स्वतंत्र पुष्टि नहीं की है.
साभार आज तक

