विश्व पर्यावरण दिवस पर नगर निगम बुरहानपुर में मेयर इन काउंसिल की बैठक आयोजित

  • Share on :

महेन्द्र मालवीय रणजीत टाईम्स
बुरहानपुर। विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर नगर निगम बुरहानपुर में मेयर इन काउंसिल की विशेष बैठक आयोजित की गई। बैठक में स्वच्छ भारत मिशन (शहरी) 2.0, ठोस अपशिष्ट प्रबंधन नियम-2026 तथा माननीय सर्वोच्च न्यायालय द्वारा जारी निर्देशों के प्रभावी क्रियान्वयन को लेकर विस्तृत चर्चा की गई।

बैठक में निर्णय लिया गया कि नगर के सभी हितधारकों, जनप्रतिनिधियों, सामाजिक संगठनों, शैक्षणिक संस्थाओं एवं नागरिकों को ठोस अपशिष्ट प्रबंधन नियम-2026 एवं माननीय सर्वोच्च न्यायालय के आदेशों के संबंध में व्यापक रूप से जागरूक किया जाएगा।

बैठक में विशेष रूप से घरों एवं प्रतिष्ठानों से निकलने वाले कचरे के स्रोत स्तर पर चार भागों में अनिवार्य पृथक्करण को सुनिश्चित करने पर बल दिया गया। इसके लिए वार्ड स्तर पर जनजागरूकता अभियान संचालित किए जाने तथा नागरिकों को सूखा, गीला, घरेलू खतरनाक एवं स्वच्छता अपशिष्ट को अलग-अलग रखने के लिए प्रेरित करने का निर्णय लिया गया।

मेयर इन काउंसिल द्वारा प्रत्येक वार्ड में जनप्रतिनिधियों एवं नगर निगम अमले के सहयोग से विशेष जागरूकता कार्यक्रम आयोजित करने, घर-घर संपर्क अभियान चलाने तथा ठोस अपशिष्ट प्रबंधन नियम-2026 के प्रभावी क्रियान्वयन हेतु कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश दिए गए।

बैठक में स्वच्छ भारत मिशन (शहरी) 2.0 के विभिन्न घटकों पर भी चर्चा की गई। इसके अंतर्गत शहर में दृश्यमान स्वच्छता, स्रोत पर कचरा पृथक्करण, कचरे का वैज्ञानिक संग्रहण एवं परिवहन, अपशिष्ट प्रसंस्करण परियोजनाओं की प्रगति, लिगेसी वेस्ट रिमेडिएशन, स्वच्छता अवसंरचना के विकास तथा नागरिक सहभागिता को बढ़ाने के उपायों पर विचार-विमर्श किया गया।

बैठक में  महापौर श्रीमती माधुरी अतुल पटेल निगम आयुक्त संदीप श्रीवास्तव एम आई सी सदस्य संध्या राजेश शिवहरे,धनराज महाजन संभाजी सगरे, भारत इंगले महेंद्र इंगले,अनिल विस्पुते, एजाज असरफी,सहायक आयुक्त सुश्री स्वर्णिका वर्मा,लेखा अधिकारी विक्रम पोरवाल,सहायक यंत्री अशोक पाटिल,गोपाल महाजन कार्यालय अधीक्षक संदीप तिवारी निगम सचिव संजय शाह,रविन्द्र चौहान,जन संपर्क अधिकारी हरिश मोरे,गणेश पाटिल निगम अधिकारी कर्मचारी उपस्थित थे।

Latest News

Everyday news at your fingertips Try Ranjeet Times E-Paper