माइक्रोसॉफ्ट की खराबी से अमेरिका में ठप हुआ विमानन सिस्टम, हजारों उड़ानें रद्द; यात्रियों को भारी परेशानी

  • Share on :

नई दिल्ली। माइक्रोसॉफ्ट की सेवाओं में गड़बड़ी के बीच अमेरिका में विमान सेवाओं पर भी असर पड़ा। अमेरिका के फेडरल एविएशन एडमिनिस्ट्रेशन (एफएए) ने शुक्रवार दोपहर को सभी उड़ानों को ग्राउंडेड करने का आदेश दिया, जिसके चलते हजारों उड़ानें रद्द करनी पड़ीं। इस वजह से दुनियाभर में लाखों यात्री घंटों एयरपोर्ट पर फंसे रहे। परिवहन मंत्री सीन डफी के मुताबिक, देश के 22 एयर ट्रैफिक कंट्रोल केंद्रों में परेशानी आने के कारण कई घंटे उड़ान सेवाएं प्रभावित रहीं। हालांकि अब 'ग्राउंड स्टॉप' हटा लिया गया है। कुछ अंतराराष्ट्रीय उड़ानों को रवाना किया गया है। देशभर में फ्लाइट ऑपरेशन अभी भी प्रभावित है, सेवाओं के सामान्य होने में समय लगेगा। अमेरिका में आई दिक्कत के बीच एयर इंडिया ने भी यात्रियों के लिए ट्रैवल एडवाइजरी जारी की है। 
व्हाइट हाउस ब्रीफिंग रूम में बोलते हुए सीन डफी ने बताया कि संघीय सरकार ने उस समस्या की पहचान कर ली है, जिसकी वजह से शुक्रवार को अमेरिकी एयर ट्रैफिक कंट्रोल सिस्टम ठप हो गया था। उन्होंने कहा कि यह सिस्टम 'अभी काम कर रहा है।' आधिकारिक सूचना के अनुसार, शुक्रवार दोपहर (स्थानीय समय) असाधारण परिस्थितियों और सुरक्षा कारणों से पूरे देश में उड़ानों को रोकने का फैसला किया गया।
अमेरिका के परिवहन मंत्री सीन डफी ने कहा, हमारे पास हवाई यातायात नियंत्रण की बेहद पुरानी व्यवस्था है। राष्ट्रपति पिछले एक साल से कांग्रेस से नए एयर ट्रैफिक कंट्रोल सिस्टम के पूर्ण निर्माण के लिए जरूरी बजट उपलब्ध कराने की मांग कर रहे हैं।" उन्होंने आगे कहा, हमारे राउटर पर डेटा का इतना अधिक दबाव पड़ गया कि वे ओवरलोड हो गए। इसके कारण राउटर से मिलने वाले डेटा में असंगतियां आने लगीं। इसी वजह से हमने पूरे सिस्टम को बंद कर दिया। डफी ने बताया कि उनके कार्यकाल के दौरान कुछ राउटर बदले गए थे, लेकिन पुराना हार्डवेयर खराब हो गया।
साभार अमर उजाला

Latest News

Everyday news at your fingertips Try Ranjeet Times E-Paper