माँ को मिला उसका लाल: राजगढ़ पुलिस की त्वरित एवं संवेदनशील कार्रवाई से डेढ़ वर्षीय बालक को सुरक्षित सकुशल मां को किया सुपुर्द
संवाददाता दिलीप पाटीदार
राजगढ़। थाना राजगढ़ पुलिस ने एक बार फिर अपनी त्वरित एवं संवेदनशील कार्यशैली का परिचय देते हुए लगभग डेढ़ वर्षीय मासूम बालक को सुरक्षित बरामद कर उसकी माँ के सुपुर्द कर दिया। पुलिस की इस मानवीय पहल से एक माँ को उसका बेटा वापस मिला
थाना प्रभारी समीर पाटीदार ने बताया कि दिनांक 16 जुलाई को फरियादिया पायल पति सुनील कटारा, जाति भील निवासी संजय कॉलोनी क्षेत्र, थाना राजगढ़, थाने पर उपस्थित हुईं। उन्होंने मौखिक रूप से बताया कि वह वर्तमान में अपने मायके संजय कॉलोनी में रह रही हैं तथा उनके पति सुनील कटारा उनके लगभग डेढ़ वर्षीय पुत्र को अपने साथ ग्राम दूधी, चौकी उमरकोट, थाना कालीदेवी क्षेत्र में रखे हुए हैं। फरियादिया ने अपने मासूम पुत्र को वापस दिलाने की गुहार लगाई।
मामले की गंभीरता और एक छोटे बच्चे के हितों को देखते हुए थाना प्रभारी समीर पाटीदार के निर्देशन में पुलिस ने तत्काल संवेदनशीलता एवं तत्परता से कार्रवाई करते हुए ग्राम दूधी चौकी उमरकोट थाना कालीदेवी क्षेत्र में पहुंचकर बच्ची को सुरक्षित अभिरक्षा में लिया तथा विधिसम्मत प्रक्रिया का पालन करते हुए 1.5 साल के मासूम बालक को उसकी माँ के सुपुर्द किया।
राजगढ़ पुलिस की इस त्वरित एवं संवेदनशील कार्रवाई ने यह साबित किया है कि पुलिस केवल कानून-व्यवस्था बनाए रखने तक सीमित नहीं है, बल्कि मानवीय सरोकारों और जनसेवा के प्रति भी पूरी तरह समर्पित है।
इस संपूर्ण कार्रवाई में
थाना प्रभारी निरीक्षक श्री समीर पाटीदार, उप निरीक्षक , सुश्री जूली अमलियार एवं प्रधान आरक्षक गोपाल परमार आर दिलीप डुडवे की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
धार पुलिस का संदेश :
जनसुरक्षा एवं महिलाओं-बच्चों की सुरक्षा हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है। किसी भी प्रकार की घरेलू हिंसा या प्रताड़ना की सूचना तत्काल पुलिस को दें।"

