सांसद लालवानी ने देखा कचरा प्रबंधन मॉडल, परिषद ने रखी जेसीबी की मांग
देपालपुर से दरबार सिंह ठाकुर
9754876460
देपालपुर। इंदौर सांसद शंकर लालवानी ने सोमवार को देपालपुर प्रवास के दौरान नगर परिषद क्षेत्र में संचालित स्वच्छता एवं विकास कार्यों का निरीक्षण किया। उन्होंने वार्ड क्रमांक-4 स्थित ट्रेंचिंग ग्राउंड पहुंचकर नगर से एकत्रित होने वाले गीले एवं सूखे कचरे के प्रसंस्करण एवं पृथक्करण के लिए स्थापित मशीनों का अवलोकन किया तथा स्वच्छ भारत मिशन के तहत किए जा रहे कार्यों की जानकारी ली। सांसद ने ट्रेंचिंग ग्राउंड परिसर में कचरा प्रबंधन व्यवस्था का जायजा लेते हुए परिषद अधिकारियों से संचालन एवं रखरखाव संबंधी जानकारी प्राप्त की। उन्होंने स्वच्छता कार्यों को और अधिक प्रभावी बनाने पर जोर दिया। इसके बाद सांसद लालवानी ने वार्ड क्रमांक-5 स्थित सूरजकुंड का निरीक्षण किया तथा श्री मंगलेश्वर महादेव मंदिर पहुंचकर दर्शन-पूजन किया। इस दौरान क्षेत्र की विकास संभावनाओं और नागरिक सुविधाओं को लेकर भी चर्चा हुई। निरीक्षण के दौरान नगर परिषद प्रतिनिधियों ने परिषद की वित्तीय चुनौतियों से सांसद को अवगत कराया। परिषद के पास आवश्यक संसाधनों की कमी का उल्लेख करते हुए सफाई एवं अन्य कार्यों के सुचारू संचालन के लिए जेसीबी मशीन उपलब्ध कराने की मांग रखी गई। सांसद ने मांग पर सकारात्मक विचार करने का आश्वासन दिया। इस अवसर पर नगर परिषद उपाध्यक्ष गोपाल कटेसरिया, वरिष्ठ पार्षद विमल यादव, सांसद प्रतिनिधि अजय आहूजा, पार्षद रवि चौरसिया, मोहरसिंह नागर, सोमिल माली, सतीश मारू, बबलू पहलवान, शिवम सोनी, विकास पांचाल, मुख्य नगर पालिका अधिकारी बहादुरसिंह रघुवंशी, स्वच्छता उपनिरीक्षक शैलेश कुराडिया, उपयंत्री नीरज गुप्ता, उमेश सोलंकी सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी उपस्थित थे।

