अफसर पहुंचे आदिवासियों की चौखट पर: पुनावली में रात्रि चौपाल, 27 समस्याएं मौके पर निपटीं, हाथों-हाथ बंटे प्रमाणपत्र

  • Share on :

(SDM ममता शाक्य बोलीं- दिन में मजदूरी, रात में सुनवाई; अब हर सप्ताह पंचायतों में लगेगी चौपाल)
(ग्रामीणों ने कहा- ‘पहली बार साहब जमीन पर बैठे, काम भी किया’)  
अतुल जैन 
पिछोर। ‘साहब लोग पहली बार हमारे गांव आए, खटिया नहीं मिली तो जमीन पर ही बैठ गए और पल भर में कागज बनाकर दे दिए…’ यह कहना है ग्राम पुनावली के आदिवासी ग्रामीणों का। कलेक्टर अर्पित वर्मा के निर्देश पर बुधवार रात पिछोर जनपद की ग्राम पंचायत नावली के मजरा पुनावली में प्रशासन ने अनूठी ‘रात्रि चौपाल’ लगाई। SDM राजस्व ममता शाक्य के नेतृत्व में राजस्व से लेकर पंचायत, शिक्षा, स्वास्थ्य व पशुपालन विभाग के अफसर ग्रामीणों के बीच पहुंचे और देर रात तक 27 समस्याओं का मौके पर ही पटाक्षेप कर दिया।  

(चटाई पर बैठा पूरा प्रशासन)  
रात करीब 8 बजे शुरू हुई चौपाल में अतिरिक्त जिला CEO एन.एस. नरवरिया, तहसीलदार शिवशंकर सिंह गुर्जर, नायब तहसीलदार शुभम गर्ग, CDPO अरविंद तिवारी, BEO विनोद गुप्ता, BRCC सुरेश गुप्ता, पशु चिकित्सा अधिकारी डॉ. हेमंत ओझा समेत पटवारी, सचिव, रोजगार सहायक व आंगनबाड़ी कार्यकर्ताएं मौजूद रहीं। अफसरों ने टेंट-कुर्सी की जगह ग्रामीणों के साथ चटाई पर बैठकर एक-एक फरियाद सुनी।  

(कौन-कौन से काम हुए चुटकियों में)  
SDM ममता शाक्य ने बताया कि चौपाल का मकसद दिन में खेत-खलिहान व मजदूरी पर गए आदिवासी परिवारों से रात में सीधा संवाद करना है। ग्रामीणों से फौती नामांतरण, राशन वितरण, वृद्धावस्था पेंशन, जन्म-मृत्यु प्रमाणपत्र, पशु KCC, अपार ID, प्रधानमंत्री आवास की रुकी किस्त व राशन कार्ड में नाम जोड़ने संबंधी समस्याएं सामने आईं। मौके पर ही 27 प्रकरणों का निराकरण कर हितग्राहियों को जाति प्रमाणपत्र, जन्म व मृत्यु प्रमाणपत्र, वृद्धावस्था पेंशन स्वीकृति पत्र, फौती नामांतरण व अन्य योजनाओं के प्रमाणपत्र सौंप दिए गए।  

(‘फार्मर रजिस्ट्री जरूर बनवाएं’ : SDM)  
SDM शाक्य ने ग्रामीणों से अपील की कि पटवारी अगले सप्ताह गांव में कैंप लगाएंगे। सभी किसान फार्मर रजिस्ट्री अनिवार्य रूप से बनवा लें। जिनका PM किसान सम्मान निधि में पंजीयन नहीं हुआ है, वे आधार, खसरा व बैंक पासबुक लेकर पंजीयन करा लें, ताकि 6 हजार रुपये सालाना की किस्त न रुके।  

(हर बुधवार को नई पंचायत में चौपाल)  
अतिरिक्त जिला CEO एन.एस. नरवरिया ने कहा, “मुख्यमंत्री की मंशा है कि सरकार गांव के दरवाजे तक पहुंचे। अब हर सप्ताह बुधवार रात को पिछोर जनपद की किसी न किसी पंचायत में रात्रि चौपाल लगेगी। इससे योजनाओं का फीडबैक भी मिलेगा और लंबित काम भी मौके पर निपटेंगे।”  

(ग्रामीण बोले- साहब ने दिल जीत लिया)  
70 वर्षीय बुजुर्ग कल्लू आदिवासी की आंखें भर आईं। बोले, “पेंशन के लिए 3 साल से भटक रहा था। मैडम ने यहीं कागज बनाकर दे दिया।” वहीं सुखिया बाई ने कहा, “पति के मरने के बाद फौती नामांतरण नहीं हुआ था। आज बेटे के नाम खेत हो गया। साहब लोगों ने हम गरीबों का मान बढ़ा दिया।”  

(अफसरों की पाठशाला)  
चौपाल में BEO विनोद गुप्ता ने स्कूल न जाने वाले बच्चों की सूची बनाई, CDPO अरविंद तिवारी ने पोषण आहार व लाड़ली बहना के फॉर्म भरवाए, डॉ. हेमंत ओझा ने पशुओं का टीकाकरण शेड्यूल बताया। रात 11 बजे तक चली चौपाल में ग्रामीणों को योजनाओं की पूरी जानकारी दी गई।

Latest News

Everyday news at your fingertips Try Ranjeet Times E-Paper