कलेक्टर श्री शिवम वर्मा के निर्देश पर आरटीओ का सघन चेकिंग अभियान, दो बसों पर एक लाख रुपये का जुर्माना

  • Share on :

आदित्य शर्मा
इंदौर। कलेक्टर श्री शिवम वर्मा के निर्देशानुसार संभागीय आरटीओ उड़नदस्ता, इंदौर द्वारा आज रेडिसन चौराहा, तीन इमली चौराहा एवं नेमावर रोड पर सुबह सघन वाहन चेकिंग अभियान चलाया गया। अभियान का नेतृत्व आरटीओ इंदौर एवं उड़नदस्ता प्रभारी द्वारा किया गया।
क्षेत्रीय परिवहन अधिकारी श्री प्रदीप शर्मा ने बताया कि चेकिंग के दौरान 50 से अधिक बसों की गहन जांच की गई। इस दौरान बसों में उपलब्ध इमरजेंसी गेट, अग्निशामक यंत्र (फायर एक्सटिंग्विशर), फर्स्ट एड बॉक्स, आपातकालीन निकास व्यवस्था, वाहन के दस्तावेज, परमिट, फिटनेस, बीमा तथा अन्य सुरक्षा मानकों का परीक्षण किया गया, ताकि यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।
जांच के दौरान एक बस ललितपुर से इंदौर तक बिना वैध परमिट के यात्रियों का परिवहन करते हुए पाई गई। इस पर मौके पर ही चालानी कार्रवाई करते हुए 50 हजार रुपये का जुर्माना वसूल किया गया।
इसी प्रकार एक अन्य बस मुंबई से इंदौर के अस्थायी (टेम्परेरी) परमिट पर संचालित पाई गई, जबकि वह नागपुर से इंदौर तक यात्रियों का परिवहन कर रही थी। परमिट की शर्तों के उल्लंघन पर संबंधित बस के विरुद्ध भी कार्रवाई करते हुए 50 हजार रुपये का जुर्माना वसूला गया।
अभियान के दौरान दो लोक परिवहन बसों के विरुद्ध कार्रवाई कर कुल एक लाख रुपये का राजस्व वसूल किया गया। आरटीओ अधिकारियों ने बस संचालकों को यात्री सुरक्षा संबंधी सभी नियमों एवं परमिट शर्तों का कड़ाई से पालन करने के निर्देश दिए तथा भविष्य में अनियमितता पाए जाने पर सख्त कार्रवाई की चेतावनी भी दी।

Latest News

Everyday news at your fingertips Try Ranjeet Times E-Paper