एमटीएच अस्पताल में खुली वसूली! गार्ड ने मांगे ₹2000, नहीं देने पर हंगामा
मरीज के परिजनों से बदसलूकी, झूमाझटकी तक पहुंचा मामला
पत्रकार खुशबू श्रीवास्तव
MTH Hospital एक बार फिर विवादों में आ गया है। यहां एक गार्ड पर गंभीर आरोप लगे हैं कि उसने मरीज के परिजनों से खुलेआम पैसे की मांग की।
मिली जानकारी के अनुसार, मरीज रक्षा पति रवि की सास चंदा अपनी बहू को इलाज के लिए अस्पताल लेकर पहुंचीं थीं। इसी दौरान ड्यूटी पर मौजूद गार्ड पलक चौहान ने उनसे ₹2000 की मांग करते हुए कहा—“पैसे दो, आपका सारा काम करवा दूंगी।”
परिजनों का आरोप है कि जब उन्होंने पैसे देने से इनकार किया, तो गार्ड का रवैया अचानक बदल गया। उसने अभद्र भाषा का इस्तेमाल किया और मामला झूमाझटकी तक पहुंच गया। इस घटना से अस्पताल परिसर में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
घटना के बाद परिजनों में भारी आक्रोश है और उन्होंने जिम्मेदारों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। अब सवाल यह उठता है कि क्या अस्पताल में इलाज के नाम पर वसूली का खेल चल रहा है?
फिलहाल, अस्पताल प्रबंधन की ओर से इस मामले में कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है।

