प्रधानमंत्री मोदी ने चेन्नई मेट्रो के दूसरे चरण का किया उद्घाटन, कई विकास परियोजनाओं की दी सौगात
नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार को चेन्नई मेट्रो रेल परियोजना के फेज-2 के पूनमल्ली-वडापलानी कॉरिडोर का उद्घाटन किया। करीब 4,900 करोड़ रुपये की लागत से तैयार इस कॉरिडोर के उद्घाटन के बाद पीएम मोदी ने पोरूर बाईपास स्टेशन से पूनमल्ली बाईपास स्टेशन तक मेट्रो में सफर भी किया और फिर वापस लौटे। इस दौरान तमिलनाडु के मुख्यमंत्री सी. जोसेफ विजय भी मौजूद रहे। प्रधानमंत्री के इस दौरे में सड़क, रेलवे, बंदरगाह, ऊर्जा, शिक्षा और चिकित्सा अनुसंधान से जुड़ी कई अहम परियोजनाएं शामिल हैं। इन परियोजनाओं का मकसद राज्य में कनेक्टिविटी बेहतर करना, सफर आसान बनाना, कारोबार को बढ़ावा देना और आधुनिक बुनियादी सुविधाओं का विस्तार करना है।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने चेन्नई मेट्रो रेल परियोजना के दूसरे चरण के पूनमल्ली-वडापलानी कॉरिडोर का उद्घाटन किया। इस परियोजना पर करीब 4,900 करोड़ रुपये खर्च किए गए हैं। उद्घाटन के बाद पीएम मोदी ने पोरूर बाईपास स्टेशन से पूनमल्ली बाईपास स्टेशन तक मेट्रो में सफर किया। मुख्यमंत्री सी. जोसेफ विजय भी इस दौरान मौजूद रहे। चेन्नई मेट्रो के विस्तार से शहर में सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था को मजबूती मिलने और लोगों की आवाजाही आसान होने की उम्मीद है।
प्रधानमंत्री करीब 3,700 करोड़ रुपये की राष्ट्रीय राजमार्ग परियोजनाओं की आधारशिला रखेंगे और कई परियोजनाओं का उद्घाटन करेंगे। इन परियोजनाओं से तमिलनाडु में सड़क संपर्क बेहतर होगा, यात्रा में लगने वाला समय कम होगा और शहरों में ट्रैफिक का दबाव घटाने में मदद मिलेगी। बेहतर सड़क नेटवर्क से व्यापारिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलने और राज्य की आर्थिक तरक्की को गति मिलने की भी उम्मीद है।
प्रधानमंत्री राष्ट्रीय राजमार्ग-744 के वडुगपट्टी-तेरकुवेंगनल्लूर खंड का उद्घाटन करेंगे। करीब 36 किलोमीटर लंबे इस हिस्से को चार लेन का बनाया गया है। इससे इलाके के प्रमुख धार्मिक स्थलों, औद्योगिक केंद्रों और व्यापारिक क्षेत्रों तक पहुंचना आसान होगा। सड़क बेहतर होने से यात्रियों के साथ-साथ सामान ढोने वाले वाहनों को भी सुविधा मिलेगी। इससे लोगों और माल की आवाजाही पहले के मुकाबले अधिक सुगम हो सकेगी।
प्रधानमंत्री राष्ट्रीय राजमार्ग-744ए के तहत मदुरै रिंग रोड के 30 किलोमीटर लंबे चार लेन वाले हिस्से का भी उद्घाटन करेंगे। इस परियोजना का उद्देश्य शहर के आसपास यातायात को बेहतर तरीके से संचालित करना और अंदरूनी इलाकों में लगने वाले जाम को कम करना है। रिंग रोड के चालू होने से वाहनों को शहर के व्यस्त हिस्सों से होकर गुजरने की मजबूरी कम हो सकती है। इससे स्थानीय लोगों और दूसरे शहरों से आने-जाने वाले यात्रियों को राहत मिलने की उम्मीद है।
प्रधानमंत्री राष्ट्रीय राजमार्ग-83 के नागपट्टिनम-तंजावुर खंड पर तिरुवरूर बाईपास की आधारशिला रखेंगे। इस बाईपास को चार लेन का बनाया जाना है। परियोजना से तिरुवरूर में सड़क संपर्क मजबूत होगा और शहर के बीच से गुजरने वाले वाहनों को वैकल्पिक रास्ता मिलेगा। इससे शहर के अंदर यातायात का दबाव कम करने और वाहनों की आवाजाही को आसान बनाने में मदद मिलेगी।
साभार अमर उजाला

