पीएम मोदी सोमवार को जाएंगे फिलीपींस: आसियान-भारत और पूर्वी एशिया शिखर सम्मेलन में होंगे शामिल, द्विपक्षीय संबंधों पर रहेगा जोर

  • Share on :

नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सोमवार को फिलीपींस की यात्रा पर जाएंगे। इस दौरान वे 23वें आसियान-भारत शिखर सम्मेलन और आसियान के नेतृत्व वाले 21वें पूर्वी एशिया शिखर सम्मेलन में हिस्सा लेंगे। विदेश मंत्रालय के अनुसार, भारत-आसियान संबंध देश की 'एक्ट ईस्ट पॉलिसी' और हिंद-प्रशांत क्षेत्र के लिए भारत के दृष्टिकोण का प्रमुख आधार हैं। इस यात्रा से दोनों पक्षों के बीच रणनीतिक और कूटनीतिक संबंधों को और मजबूती मिलने की उम्मीद है।
भारत और आसियान वर्ष 2026 को 'आसियान-भारत समुद्री सहयोग वर्ष' के रूप में मना रहे हैं। वहीं, 2027 में दोनों पक्षों के बीच संवाद संबंधों के 35 वर्ष और व्यापक रणनीतिक साझेदारी के पांच वर्ष पूरे होंगे। शिखर सम्मेलन में दोनों पक्ष अपनी व्यापक रणनीतिक साझेदारी की प्रगति की समीक्षा करेंगे। साथ ही, आसियान-भारत कार्य योजना 2026-2030 के क्रियान्वयन और भविष्य में सहयोग की संभावनाओं पर भी चर्चा होगी।
मनीला में प्रधानमंत्री मोदी के कार्यक्रम की शुरुआत फिलीपींस के राष्ट्रपति फर्डिनेंड मार्कोस जूनियर की ओर से आयोजित रात्रिभोज से होगी। इसके अगले दिन आसियान-भारत शिखर सम्मेलन और पूर्वी एशिया शिखर सम्मेलन आयोजित होंगे। इस दौरान प्रधानमंत्री विभिन्न देशों के नेताओं के साथ द्विपक्षीय बैठकें भी करेंगे। इन मुलाकातों में आपसी संबंधों, क्षेत्रीय सहयोग और साझा हितों से जुड़े मुद्दों पर बातचीत होने की संभावना है।
साभार अमर उजाला

Latest News

Everyday news at your fingertips Try Ranjeet Times E-Paper