बिजली गुल, गुरुग्राम बेहाल: दर्जनों इलाकों में छाया अंधेरा, जनजीवन अस्त-व्यस्त
गुरुग्राम. साइबर सिटी गुरुग्राम में बिजली संकट ने विकराल रूप ले लिया है. शहर के दर्जनों इलाके बीती रात 12 बजे से लगातार ब्लैकआउट की चपेट में हैं. गुरुवार रात 10 से 12 बजे के बीच महज दो घंटे की अस्थायी राहत मिलने के बाद दोबारा बत्ती गुल हुई, जिसके चलते शहर के ज्यादातर हिस्से अंधेरे के आगोश में समा गए.
सब-डिवीजन सेक्टर-2 ब्लॉक-बी, अशोक विहार फेज-2 व 3, सेक्टर-5, दयानंद कॉलोनी, सेक्टर-4, भीमगढ़ खेड़ी, पालम विहार सब-डिवीजन, सेक्टर-23, राजेंद्र पार्क, रतन विहार, विष्णु गार्डन और सेक्टर-105 जैसे घनी आबादी वाले इलाकों से बिजली कटौती की सबसे अधिक शिकायतें सामने आ रही हैं. भीषण कटौती के चलते लोगों की रात परेशानी में गुजरी और सुबह होते-होते पानी की किल्लत से हाहाकार मच गया.
शहर ही नहीं, बल्कि ग्रामीण और कस्बाई क्षेत्रों में भी हालात बद से बदतर बने हुए हैं. सोहना और फरुखनगर तहसील के दर्जनों गांवों और कॉलोनियों में बिजली आपूर्ति पूरी तरह ठप रहने से आम जनजीवन बुरी तरह पटरी से उतर चुका है.
साभार आज तक

