धार पुलिस में पदोन्नति का गौरवपूर्ण क्षण 06 आरक्षक कार्यवाहक प्रधान आरक्षक पद पर पदोन्नत
दिलीप पाटीदार
धार जिला पुलिस इकाई धार में आज वर्ष 2011 बैच के 06 आरक्षकों के कार्यवाहक प्रधान आरक्षक पद पर पदोन्नत होने के उपलक्ष्य में गरिमामय " पिपिंग सेरेमनी " का आयोजन किया गया। कार्यक्रम पुलिस अधीक्षक कार्यालय में आयोजित हुआ, जिसमें पदोन्नत कर्मचारियों को उनके नए दायित्व के लिए सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम के दौरान पुलिस अधीक्षक धार श्री सचिन शर्मा एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक धार श्री विजय डावर द्वारा पदोन्नत कर्मचारियों को प्रधान आरक्षक की फीता (रैंक बैज) लगाकर सम्मानित किया गया तथा उनके उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दी गईं।
इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक ने कहा कि पदोन्नति केवल पद में वृद्धि नहीं, बल्कि जिम्मेदारियों और अपेक्षाओं में भी वृद्धि का प्रतीक है। उन्होंने पदोन्नत कर्मचारियों से अपने दायित्वों का निर्वहन पूर्ण निष्ठा, अनुशासन एवं समर्पण भाव से करते हुए विभाग की गरिमा को बनाए रखने का आह्वान किया। साथ ही नेतृत्व क्षमता का प्रदर्शन करते हुए अधीनस्थ कर्मचारियों के लिए प्रेरणास्रोत बनने की अपेक्षा व्यक्त की।
पदोन्नति प्राप्त करने वाले कर्मचारियों में आरक्षक क्रमांक 317 सचिन डावर, आरक्षक क्रमांक 607 जगदीश पटेल, आरक्षक क्रमांक 856 दिलीप सोलंकी, आरक्षक क्रमांक 495 भंवर सिंह मकवाना, आरक्षक क्रमांक 846 संजय वर्मा एवं आरक्षक क्रमांक 730 मेहरबान गुर्जर शामिल रहे।
कार्यक्रम में रक्षित निरीक्षक श्री पुरुषोत्तम बिश्नोई सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। इस अवसर पर सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों द्वारा पदोन्नत साथियों को बधाई एवं शुभकामनाएं प्रदान की गईं।
धार पुलिस परिवार द्वारा सभी पदोन्नत प्रधान आरक्षकों के सफल एवं गौरवपूर्ण सेवाकाल की कामना की गई।

