मानवीय संवेदनाओं की मिसाल बनी राजगढ़ पुलिस: त्वरित कार्रवाई से 8 माह की मासूम बच्ची को सुरक्षित माँ से मिलाया

  • Share on :

संवाददाता दिलीप पाटीदार 
राजगढ़। थाना राजगढ़ पुलिस ने अपनी त्वरित, संवेदनशील एवं मानवीय कार्यशैली का परिचय देते हुए 8 माह की एक मासूम बच्ची को सुरक्षित उसकी माँ के सुपुर्द कर सराहनीय उदाहरण प्रस्तुत किया। पुलिस की समयबद्ध कार्रवाई और सजगता के कारण बच्ची को सकुशल परिजनों तक पहुँचाया जा सका, जिससे परिवार ने राहत की साँस ली।
राजगढ़ थाना प्रभारी समीर पाटीदार ने बताया कि दिनांक 13 जुलाई 2026 को फरियादिया पूजा पति सुरेश अजनार, जाति भील, थाना राजगढ़ में उपस्थित हुईं। उन्होंने मौखिक शिकायत दर्ज कराते हुए बताया कि वह किसी कारणवश अपने मायके, जिला धार क्षेत्र में रह रही हैं। इस दौरान उनके पति सुरेश अजनार उनकी 8 माह की पुत्री को अपने पास ग्राम खजूरखो, थाना राजगढ़ क्षेत्र में रखे हुए थे।
शिकायत प्राप्त होते ही थाना राजगढ़ पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए तत्काल संवेदनशीलता एवं तत्परता के साथ कार्रवाई शुरू की। थाना प्रभारी समीर पाटीदार के निर्देशन में पुलिस टीम बिना विलंब ग्राम खजूरखो पहुँची, जहाँ से 8 माह की मासूम बच्ची को सुरक्षित अभिरक्षा में लिया गया। इसके बाद समस्त विधिसम्मत प्रक्रिया का पालन करते हुए बच्ची को सकुशल उसकी माँ पूजा के सुपुर्द कर दिया गया।
इस पूरी कार्रवाई ने एक बार फिर यह साबित किया कि पुलिस केवल कानून व्यवस्था बनाए रखने तक सीमित नहीं है, बल्कि जरूरत के समय आमजन की सहायता और सुरक्षा के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य करती है। थाना राजगढ़ पुलिस की इस सराहनीय पहल की क्षेत्र में व्यापक प्रशंसा हो रही है। स्थानीय नागरिकों ने भी पुलिस की तत्परता और जनसेवा की भावना की सराहना करते हुए इसे पुलिस और जनता के बीच विश्वास को मजबूत करने वाला कदम बताया।
इस संपूर्ण कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक श्री समीर पाटीदार, उप निरीक्षक श्री निहाल सिंह दंडोतिया, सुश्री जूली अमलियार एवं प्रधान आरक्षक श्री नीरज मिश्रा की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

Latest News

Everyday news at your fingertips Try Ranjeet Times E-Paper