"नशे से दूरी है ज़रूरी 2.0" (say no to drugs) अभियान के तहत किया जा रहा है रील/शॉर्ट मूवी प्रतियोगिता का आयोजन
युवा अपनी रचनात्मकता के द्वारा ड्रग्स के नशे के विरुद्ध और इसके दुष्परिणामों को दर्शाती हुई, रील/शॉर्ट मूवी के माध्यम से देंगें, "नशे से दूरी है जरूरी" का संदेश
इंदौर। युवाओं को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करने एवं नशा मुक्त समाज के निर्माण में उनकी सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने के उद्देश्य से मध्यप्रदेश पुलिस के "नशे से दूरी है ज़रूरी 2.0" अभियान के अंतर्गत, इंदौर पुलिस कमिश्नरेट द्वारा 15 जुलाई से 20 जुलाई 2026 तक रील/शॉर्ट मूवी प्रतियोगिता आयोजित की जा रही है।
प्रतियोगिता में स्कूल एवं कॉलेज के विद्यार्थी, युवा व नागरिकगण 1 से 3 मिनट की प्रभावी रील अथवा शॉर्ट फिल्म बनाकर नशा मुक्ति का संदेश देंगे। इस पहल का उद्देश्य युवाओं की रचनात्मक प्रतिभा के माध्यम से समाज में नशे के विरुद्ध जन-जागरूकता का व्यापक प्रसार करना है।
प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को इंदौर पुलिस द्वारा सम्मानित एवं पुरस्कृत किया जाएगा। साथ ही चयनित प्रविष्टियों को इंदौर पुलिस के आधिकारिक प्लेटफॉर्म पर भी प्रदर्शित किया जाएगा।
इंदौर पुलिस सभी स्कूलों, महाविद्यालयों एवं युवाओं से अधिक से अधिक संख्या में सहभागिता कर इस जन-जागरूकता अभियान को सफल बनाने तथा "नशे से दूरी है ज़रूरी" का संदेश जन-जन तक पहुँचाने की अपील करती है।

