यात्री बसों और अन्य वाहनों पर आरटीओ की सख्त कार्रवाई

  • Share on :

सघन जांच अभियान में 65 हजार 500 रुपये जुर्माना वसूला
इन्दौर। परिवहन आयुक्त श्री उमेश जोगा एवं कलेक्टर श्री शिवम वर्मा के निर्देशानुसार आरटीओ इंदौर तथा संभागीय परिवहन उड़नदस्ता इंदौर द्वारा यात्री बसों एवं अन्य वाहनों के विरुद्ध विशेष जांच अभियान चलाया गया। कार्रवाई के दौरान विभिन्न वाहन संचालकों से कुल 65 हजार 500 रुपये का जुर्माना वसूला गया। आरटीओ इंदौर द्वारा धार रोड, राऊ एवं पीथमपुर क्षेत्र में यात्री वाहनों की सघन जांच की गई। जांच के दौरान वाहनों के परमिट, फिटनेस, बीमा सहित अन्य आवश्यक दस्तावेजों का परीक्षण किया गया। साथ ही वाहनों का तकनीकी निरीक्षण कर यह सुनिश्चित किया गया कि वे फिटनेस एवं परमिट की शर्तों का पालन कर रहे हैं या नहीं।

                अभियान के दौरान फायर सेफ्टी उपकरणों एवं स्पीड गवर्नर की कार्यप्रणाली भी जांची गई। अधिकारियों ने यात्रियों से फीडबैक लेकर यह भी जानकारी प्राप्त की कि वाहन चालक तेज गति से वाहन तो नहीं चला रहे हैं तथा वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का उपयोग तो नहीं करते हैं।

                यह कार्रवाई आरटीओ श्री प्रदीप शर्मा एवं परिवहन उड़नदस्ता प्रभारी श्री आकाश सिटोले के नेतृत्व में की गई। अधिकारियों ने बताया कि स्कूल एवं शैक्षणिक संस्थाओं की बसों में सुरक्षा मानकों की पूर्ति सुनिश्चित करने हेतु इंदौर जिले में स्कूली एवं कॉलेज वाहनों की आकस्मिक जांच का अभियान लगातार जारी रहेगा।

Latest News

Everyday news at your fingertips Try Ranjeet Times E-Paper