दो घंटे में ही खत्म हो गई रूस-यूक्रेन शांति वार्ता, दोनों देशों के बीच 1000 बंदियों की रिहाई पर बनी सहमति

  • Share on :

रूस और यूक्रेन के बीच बीते तीन साल से जारी युद्ध के बीच पहली बार दोनों देशों के प्रतिनिधियों के बीच शांति वार्ता हुई। हालांकि यह वार्ता दो घंटे से भी कम समय में ही खत्म हो गई। दोनों देशों के बीच युद्धविराम पर कोई सहमित नहीं बन पाई। वहीं रूस और यूक्रेन के रुख ने टेंशन जरूर बढ़ा दी है। रूस युद्धविराम पर बात करने को तैयार नहीं है। वहीं यूक्रेन का कहना है कि बिना दोनों तरफ से बंदूकों के शांत हुए शांति की बात भी नहीं की जा सकती है। बता दें कि तुर्किए में होने वाली इस शांति वार्ता में पहले रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन और यूक्रेनी राष्ट्रपति जेलेंस्की भी शामिल होने वाले थे। वहीं डोनाल्ड ट्रंप ने भी वार्ता में शामिल होने के संकेत दिए थे। हालांकि ऐन वक्त पर पुतिन और ट्रंप दोनों ही पीछे हट गए। ऐसे में वार्ता दोनों देशों के सीनियर अधिकारियों के बीच ही सिमटकर रह गई।
यूक्रेन का कहना था कि वार्ता के लिए कम से कम अस्थायी सीजफायर जरूरी है। यूक्रेनी विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता ने कहा कि रूस ने उसकी शर्त नहीं मानी। वहीं रूस की तरफ से वार्ता में शामिल हुए व्लादिमीर मेदिन्स्की ने कहा कि वह इस वार्ता से संतुष्ट हैं। यूक्रेनी राष्ट्रपति जेलेंस्की ने कहा है कि उन्होंने अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप, फ्रांस, जर्मनी, यूके और पोलैंड से यही अपील की है कि अगर मॉस्को बिना शर्त युद्धविराम को तैयार नहीं होता है तो उसके खिलाफ कड़े प्रतिबंध लगाए जाएं।
इस वार्ता का नतीजा इतना ही रहा कि दोनों देशों के बीच 1000 बंदियों की रिहाई पर सहमति बनी । रूस के प्रतिनिधि ने कहा कि दोनों देशों के बीच सीजफायर के प्रस्ताव पेश करने को लेकर सहमति बनी है। वहीं यूक्रेन का कहना है कि सीजफायर को लेकर वह बिल्कुल संतुष्ट नहीं है। रूस ने इस मुद्दे को लेकर कोई सकारात्मक जवाब नहीं दिया है। उन्होंने कहा कि रूस ने ऐसी शर्त रखी है जो कि स्वीकार नहीं की जा सकती। उन्होंने कहा, रूस चाहता है कि यूक्रेन बड़े हिस्से से अपनी सेना को हटा ले। यह तो एक तरह से धोखे की स्थिति है। रूस इसका फायदा उठाना चाहता है। उन्होंने कहा कि रूस शांति वार्ता में भी अपना स्वार्थ सिद्ध करना चाहता है।
साभार लाइव हिन्दुस्तान

Latest News

Everyday news at your fingertips Try Ranjeet Times E-Paper