सहजयोग ध्यान मन के संतुलन व जीवन के सहज आनंद का माध्यम
आज की तेज़ रफ्तार जिंदगी में मनुष्य के पास लोगों से जुड़ने के अनेक साधन हैं, फिर भी भीतर से अकेलेपन का अनुभव बढ़ता जा रहा है। जीवन में असफलता, पारिवारिक तनाव, आर्थिक परेशानियां, व्यक्ति को धीरे-धीरे समाज और अपने लोगों से दूर कर सकती है। शुरुआत में एकांत सुकून देता है, लेकिन जब यही एकांत आदत बन जाता है, तो व्यक्ति भावनात्मक रूप से स्वयं को और अधिक अलग-थलग महसूस करने लगता है।
ऐसी स्थिति में सहजयोग ध्यान व्यक्ति को अपने भीतर लौटने और सामूहिकता के माध्यम से सकारात्मक वातावरण से जुड़ने का मार्ग दिखाता है। सहजयोग में सामूहिक ध्यान का विशेष महत्व है। श्री माताजी निर्मला देवी द्वारा प्रतिपादित सहजयोग ध्यान पद्धति में आत्म-साक्षात्कार के बाद नियमित ध्यान के साथ सामूहिक ध्यान को भी महत्वपूर्ण माना गया है। सहजयोग के अनुसार, कुंडलिनी शक्ति के जागरण से व्यक्ति को अपने भीतर की शांति और संतुलन का अनुभव होने लगता है। जब साधक सामूहिक रूप से ध्यान करते हैं, तो उन्हें एक-दूसरे के साथ चैतन्य का अनुभव करने और अपनी ध्यानावस्था को गहरा करने का अवसर मिलता है।
सहजयोग की सामूहिकता केवल एक स्थान पर लोगों के साथ बैठने तक सीमित नहीं है। यह व्यक्ति को यह अनुभव कराने का माध्यम है कि आध्यात्मिक यात्रा में वह अकेला नहीं है। सामूहिक ध्यान में विभिन्न आयु, वर्ग और परिस्थितियों के लोग एक साथ बैठते हैं। सभी का उद्देश्य अपने भीतर की शांति को अनुभव करना और आत्म-साक्षात्कार के माध्यम से अपने जीवन में सकारात्मक परिवर्तन लाना होता है। इस प्रकार सामूहिकता सामाजिक और भावनात्मक दूरी को कम करने में सहायक वातावरण प्रदान करती है।
जब मनुष्य अपनी समस्याओं में उलझकर अकेला महसूस करता है, तब उसका ध्यान बार-बार उन्हीं विचारों और नकारात्मक भावनाओं की ओर जाने लगता है। सहजयोग ध्यान उसे अपने विचारों से ऊपर उठकर निर्विचारिता और आत्मचेतना की अवस्था का अनुभव करने का अवसर देता है। नियमित ध्यान के माध्यम से व्यक्ति अपने भीतर की स्थिति को समझने, अपनी भावनाओं को देखने और मानसिक संतुलन विकसित करने का प्रयास कर सकता है।
सहजयोग में सामूहिकता को इसलिए भी महत्वपूर्ण माना जाता है क्योंकि सामूहिक ध्यान साधक को सकारात्मक संगति प्रदान करता है। जब व्यक्ति नियमित रूप से अन्य साधकों के साथ ध्यान करता है, तो उसमें जुड़ाव, अपनत्व और सहयोग की भावना विकसित होती है। वह अपनी आध्यात्मिक यात्रा में दूसरों के अनुभवों से प्रेरणा ले सकता है और स्वयं भी दूसरों के लिए सकारात्मक वातावरण का हिस्सा बन सकता है।
परिस्थितियां हमारे अनुकूल हों या प्रतिकूल, अपने भीतर की शक्ति और संतुलन को पहचानने का प्रयास हम स्वयं कर सकते हैं। ध्यान और आत्म-साक्षात्कार इस दिशा में महत्वपूर्ण साधन बन सकते हैं।
अपने भीतर की शांति को खोजने के साथ-साथ सामूहिकता से जुड़ना जीवन में एक नया दृष्टिकोण ला सकता है। सहजयोग ध्यान के माध्यम से व्यक्ति अपने भीतर की शक्तियों और सद्गुणों को पहचानने तथा अधिक शांत, संतुलित और आनंदमय जीवन की ओर बढ़ने का प्रयास करता है।
सहजयोग के बारे में अधिक जानकारी के लिए टोल-फ्री नंबर 18002700800 अथवा www.sahajayoga.org.in से प्राप्त कर सकते हैं। सहजयोग पूर्णतया निशुल्क है।

