संकल्प से समाधान अभियान : विशेष स्वास्थ्य शिविरों से हजारों मरीजों को मिला लाभ
निःशुल्क जांच, उपचार और परिवहन व्यवस्था से सुदृढ़ हुआ जनस्वास्थ्य तंत्र
संकल्प से समाधान अभियान के अंतर्गत 5 प्रमुख अस्पतालों में विशेष स्वास्थ्य शिविरों का हुआ आयोजन
इन्दौर। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की पहल पर प्रदेश में संचालित संकल्प से समाधान अभियान के अंतर्गत जिला प्रशासन इंदौर द्वारा आमजन के स्वास्थ्य संरक्षण हेतु व्यापक स्तर पर विशेष स्वास्थ्य शिविरों का सफल आयोजन किया गया। कलेक्टर श्री शिवम वर्मा के नेतृत्व एवं मार्गदर्शन में सुपर स्पेशियलिटी हॉस्पिटल, अरविंदो मेडिकल कॉलेज, इंडेक्स मेडिकल कॉलेज, चोईथराम अस्पताल एवं बॉम्बे हॉस्पिटल इंदौर में इन शिविरों का आयोजन किया गया, जिसमें गैर संचारी रोगों से पीड़ित एवं संदिग्ध मरीजों को विशेषज्ञ चिकित्सकीय सेवाएं प्रदान की गईं।
इन स्वास्थ्य शिविरों में उच्च रक्तचाप, मधुमेह, हृदय रोग, किडनी रोग एवं कैंसर जैसी गंभीर बीमारियों की निःशुल्क जांच एवं उपचार किया गया। विशेषज्ञ चिकित्सकों द्वारा आधुनिक उपकरणों से जांच कर मरीजों को आवश्यक परामर्श, दवाइयां एवं आगे की चिकित्सा प्रक्रिया के लिए मार्गदर्शन उपलब्ध कराया गया।
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने अपने संदेश में जिला प्रशासन इंदौर की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि इस प्रकार के आयोजन आमजन के स्वास्थ्य को बेहतर बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम हैं। उन्होंने कहा कि शासन की प्राथमिकता है कि हर नागरिक को समय पर और गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध हों।
स्वास्थ्य शिविरों में अधिक से अधिक लोगों की भागीदारी सुनिश्चित करने हेतु विकासखंड महू-मानपुर, देपालपुर, सांवेर एवं हातोद तथा शहरी विकासखंड नंदानगर, हुकुमचंद, मल्हारगंज एवं संयोगितागंज जोन से कुल 13 वाहनों के माध्यम से मरीजों के लिए निःशुल्क परिवहन एवं भोजन की व्यवस्था की गई। इस पहल से दूरस्थ क्षेत्रों के मरीजों को भी विशेषज्ञ उपचार का लाभ मिल सका।
जनप्रतिनिधियों ने भी शिविरों में पहुंचकर व्यवस्थाओं का अवलोकन किया और मरीजों से संवाद कर उनके अनुभवों की जानकारी ली। विधायक श्री महेन्द्र हार्डिया एवं श्री गोलू शुक्ला ने सुपर स्पेशियलिटी हॉस्पिटल में आयोजित शिविर का निरीक्षण कर चिकित्सकीय व्यवस्थाओं की सराहना की।
कलेक्टर श्री शिवम वर्मा ने भी दौरा कर शिविर की व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने मरीजों को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं एवं उपचार की गुणवत्ता की जानकारी प्राप्त कर संबंधित अधिकारियों एवं चिकित्सकों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. माधव प्रसाद हासानी ने बताया कि इन शिविरों में कुल 3361 हितग्राहियों की जांच की गई। जांच के दौरान अनेक मरीजों में उच्च रक्तचाप, मधुमेह, हृदय एवं अन्य गंभीर रोगों की पहचान की गई। सभी मरीजों को आवश्यकतानुसार निःशुल्क उपचार एवं औषधियां प्रदान की गईं। साथ ही 352 मरीजों को शल्य चिकित्सा एवं अन्य फॉलोअप के लिए चिन्हित किया गया है।

