शहीद राजकुमार यादव के पिता को एसडीओपी विनायक शुक्ला ने शॉल-श्रीफल भेंटकर किया सम्मानित
शहीद के चित्र पर माल्यार्पण कर अर्पित की श्रद्धांजलि, बलिदान को बताया सदैव स्मरणीय
करेरा। देश की रक्षा के लिए अपने प्राणों का सर्वोच्च बलिदान देने वाले वीर सैनिक शहीद राजकुमार यादव को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए पुलिस विभाग ने उनके परिवार के प्रति सम्मान और संवेदना व्यक्त की। पुलिस अधीक्षक श्रीमती यांगचैन डोलकर भूटिया के निर्देशन में एसडीओपी विनायक शुक्ला करेरा थाना क्षेत्र के ग्राम ढंगा पहुंचे, जहां उन्होंने शहीद के पिता श्री कल्याण सिंह यादव को शॉल एवं श्रीफल भेंटकर सम्मानित किया।
इस दौरान एसडीओपी विनायक शुक्ला ने शहीद राजकुमार यादव के चित्र पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। उन्होंने शहीद के पिता का सम्मान करते हुए उनके प्रति आदर व्यक्त किया और परिवार के त्याग एवं योगदान को नमन किया।
शहादत को कभी भुलाया नहीं जा सकता
इस अवसर पर एसडीओपी विनायक शुक्ला ने कहा कि देश की रक्षा के लिए अपने प्राण न्योछावर करने वाले वीर सैनिकों की शहादत को कभी भुलाया नहीं जा सकता। शहीद राजकुमार यादव का बलिदान सदैव स्मरणीय रहेगा। देश की सुरक्षा और सम्मान के लिए सर्वोच्च बलिदान देने वाले ऐसे वीर सपूतों को पूरा राष्ट्र नमन करता है।
उन्होंने कहा कि शहीदों का त्याग, समर्पण और देशभक्ति आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणास्रोत हैं। राष्ट्र सदैव अपने वीर शहीदों और उनके परिवारों के प्रति कृतज्ञ रहेगा। शहीदों का सम्मान करना और उनके परिवारों के प्रति आदर व्यक्त करना हम सभी का नैतिक दायित्व है।
शहीद के परिवार के प्रति सम्मान व्यक्त करने की इस पहल के माध्यम से पुलिस विभाग ने वीर सैनिकों के सर्वोच्च बलिदान को याद करते हुए उनके योगदान के प्रति कृतज्ञता प्रकट की।
शिवपुरी जिला ब्यूरो: हेमंत भार्गव

