दानापुर में सनसनीखेज वारदात: बिस्कुट फैक्ट्री मोड़ के पास बाइक सवार बदमाशों ने वेंडर को भुना, मौके पर मौत
पटना. पटना के दानापुर थाना क्षेत्र में रविवार देर रात अपराधियों ने एक व्यक्ति की गोली मारकर हत्या कर दी. घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई और लोगों में दहशत का माहौल बन गया. सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी है. पुलिस हमलावरों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार करने के लिए आसपास के इलाकों में छापेमारी कर रही है.
जानकारी के अनुसार घटना दानापुर के नासरीगंज स्थित बिस्कुट फैक्ट्री मोड़ के पास की है. बताया जा रहा है कि मृतक गैस सिलेंडर वेंडर का काम करता था और देर रात किसी काम से इलाके में मौजूद था. इसी दौरान बाइक सवार अपराधी वहां पहुंचे और उस पर ताबड़तोड़ गोलियां चला दीं. गोली लगते ही वह गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़ा. गोलीबारी की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे, लेकिन तब तक हमलावर फरार हो चुके थे.
स्थानीय लोगों ने घायल व्यक्ति को तत्काल अस्पताल पहुंचाने का प्रयास किया, लेकिन उसकी हालत बेहद गंभीर थी. चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया. घटना की सूचना मिलने के बाद मृतक के परिजन भी अस्पताल पहुंचे. परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है.
साभार आज तक

