गाजियाबाद में सनसनीखेज वारदात: पदक जीतकर लौट रहे अंतरराष्ट्रीय पैरा एथलीट चिराग त्यागी की गोली मारकर हत्या, चेहरा भी कुचला
गाजियाबाद। बंगलूरू में 8वीं इंडियन ओपन पैरा एथलेटिक्स प्रतियोगिता में स्वर्ण व रजत पदक जीत घर लौट रहे अंतरराष्ट्रीय पैरा एथलीट चिराग त्यागी (24) की गोली मारकर हत्या कर दी गई। गाजियाबाद के साईं उपवन में शनिवार दोपहर उनका शव मिला। हत्या के आरोप में साथी पैरा एथलीट यश खटीक को हिरासत में लिया गया है। डीसीपी धवल जायसवाल के अनुसार, चिराग को पीठ में गोली मारने के बाद उसका चेहरा बुरी तरह कुचल दिया गया था। मौके से चिराग का एक मोबाइल फोन मिला, जबकि दूसरा फोन गायब था। सीसीटीवी फुटेज के आधार पर यश खटीक को हिरासत में लिया गया।
पूछताछ में उसने बताया कि दोनों ने ब्लाइंड श्रेणी में प्रतियोगिता में साथ में हिस्सा लिया था। चिराग 100 व 400 मीटर दौड़ में हिस्सा लेते थे। दस्तावेज सत्यापन के दौरान चिराग ने एक बार यश की शिकायत कर दी थी। तब यश का क्वालिफिकेशन रद्द कर दिया गया था।
इसका बदला लेने के लिए उसने इस वारदात को अंजाम दिया। उसकी निशानदेही पर पुलिस पिस्टल की बरामदगी में जुटी है। पुलिस ने मुरादनगर के वसंतपुर सैथली निवासी चिराग का शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस ने चिराग के पिता मनोज की तहरीर पर केस दर्ज किया है।
चिराग जब भी प्रतियोगिताओं और कैंप से लौटते तो केक काटकर उनका स्वागत होता। इस बार साथ में दो पदक और एशियन प्रतियोगिता का चयन भी था तो तैयारी उसके अनुसार ही थी। उनके घर पहुंचने की सूचना से पहले गाजियाबाद के बंसतपुर सैथली गांव के लोग उनके घर पर इंतजार कर रहे, लेकिन एक कॉल ने खुशियों को गम बदल दिया।
साभार अमर उजाला

