अमानत में खयानत का गंभीर मामला, लसूडिया थाना क्षेत्र में पीड़ित की नहीं हो रही सुनवाई

  • Share on :

राजेश धाकड़
इंदौर। शहर के लसूडिया थाना क्षेत्र से अमानत में खयानत का एक गंभीर मामला सामने आया है, जहां पीड़ित को शिकायत दर्ज कराने के बावजूद अब तक न्याय नहीं मिल पाया है। पीड़ित राजेश विश्वकर्मा ने मनीष कुमार नामक व्यक्ति पर धोखाधड़ी और विश्वासघात के गंभीर आरोप लगाए हैं।
पीड़ित द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार, मनीष कुमार ने उससे करीब ₹12,000 की आवश्यकता बताते हुए संपर्क किया था। मनीष ने यह कहकर भरोसा दिलाया कि उसे दो दिनों के लिए बाहर जाना है और वह किराए पर वाहन की व्यवस्था चाहता है। इस पर राजेश विश्वकर्मा ने विश्वास करते हुए ₹1500 प्रतिदिन के हिसाब से गाड़ी किराए पर दिलवा दी।
कुछ समय बाद मनीष कुमार की नीयत बदल गई। उसने गाड़ी अपने पास रखने की बात कहते हुए पीड़ित से ₹12,130 की मांग की और कहा कि रकम देने पर ही गाड़ी वापस की जाएगी। पीड़ित द्वारा खाते में ₹12,000 रुपये जमा कराने के बावजूद मनीष ने गाड़ी लौटाने से इनकार कर दिया। इतना ही नहीं, उसने उल्टे ₹8,000 रुपये की अतिरिक्त मांग शुरू कर दी।
पीड़ित राजेश विश्वकर्मा का आरोप है कि बार-बार संपर्क करने के बावजूद मनीष कुमार न तो गाड़ी वापस कर रहा है और न ही पैसे लौटाने को तैयार है। मजबूर होकर पीड़ित ने 1 जनवरी को लसूडिया थाने में लिखित आवेदन देकर पूरे मामले की शिकायत दर्ज कराई, लेकिन हैरानी की बात यह है कि कई दिन बीत जाने के बाद भी पुलिस की ओर से कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई।
पीड़ित का कहना है कि वह लगातार थाने के चक्कर काट रहा है, लेकिन अब तक केवल आश्वासन ही मिल रहे हैं। न्याय की आस में भटक रहे पीड़ित ने पुलिस प्रशासन से जल्द से जल्द निष्पक्ष जांच कर कार्रवाई की मांग की है।
अब देखना यह होगा कि पुलिस इस मामले को कितनी गंभीरता से लेती है और पीड़ित को न्याय दिलाने के लिए क्या कदम उठाती है, या फिर पीड़ित यूं ही न्याय के लिए भटकता रहेगा।

Latest News

Everyday news at your fingertips Try Ranjeet Times E-Paper