शिवपुरी: 20 वर्षीय युवक दुर्गेश कुशवाहा दो दिन से लापता, पिता ने कोतवाली में दर्ज कराई शिकायत
शिवपुरी से ऋषि गोस्वामी की रिपोर्ट
शिवपुरी शहर के श्री राम कॉलोनी निवासी 20 वर्षीय दुर्गेश कुशवाहा बीते दो दिनों से घर से बिना बताए लापता है। युवक के अचानक गायब हो जाने से परिवार में हड़कंप मचा हुआ है।
दुर्गेश के पिता देवजीत कुशवाहा, जो कि तीन पहिया रिक्शा चलाकर परिवार का पालन-पोषण करते हैं, बेटे की तलाश में बेहद परेशान हैं। परिजनों ने आसपास के क्षेत्रों, रिश्तेदारों और जान-पहचान वालों के यहाँ काफी खोजबीन की, लेकिन अब तक दुर्गेश का कोई सुराग नहीं लग पाया है।
मामले की गंभीरता को देखते हुए देवजीत कुशवाहा ने शिवपुरी कोतवाली में गुमशुदगी की शिकायत दर्ज करा दी है। पुलिस द्वारा युवक की तलाश शुरू कर दी गई है।
इस दौरान दुर्गेश के पिता ने आम नागरिकों से अपील की है कि यदि किसी को भी दुर्गेश कुशवाहा के संबंध में कोई जानकारी मिले तो वह तुरंत परिवार या पुलिस को सूचित करें। उन्होंने यह भी कहा है कि सही जानकारी देने वाले को उचित इनाम दिया जाएगा।
परिवार और पुलिस दोनों को उम्मीद है कि दुर्गेश जल्द ही सुरक्षित मिल जाएगा।

