शिवपुरी पुलिस का 'नशा मुक्ति' प्रहार: अमोला में 3 लाख की स्मैक के साथ महिला तस्कर दबोची
शिवपुरी से ऋषि गोस्वामी की रिपोर्ट
शिवपुरी | जिले में नशे के सौदागरों के खिलाफ पुलिस अधीक्षक अमन सिंह राठौड़ के नेतृत्व में छेड़ा गया अभियान अब रंग लाने लगा है। शनिवार को अमोला थाना पुलिस ने एक बड़ी सफलता हासिल करते हुए 15 ग्राम अवैध स्मैक के साथ एक महिला आरोपी को गिरफ्तार किया है। बरामद मादक पदार्थ की अंतर्राष्ट्रीय बाजार में कीमत लगभग 3 लाख रुपये बताई जा रही है।
मुखबिर की सटीक सूचना पर घेराबंदी
जानकारी के अनुसार, अमोला थाना प्रभारी उनि. अंशुल गुप्ता और चौकी प्रभारी उनि. अंजली सिंह को मुखबिर से सूचना मिली थी कि मामौनी खुर्द के कच्चे रास्ते पर एक महिला भारी मात्रा में स्मैक बेचने की फिराक में खड़ी है। पुलिस टीम ने बिना वक्त गंवाए घेराबंदी की। पुलिस की गाड़ी देखते ही महिला ने भागने की कोशिश की, लेकिन मुस्तैद बल ने उसे धर दबोचा।
आरोपी का विवरण और बरामदगी
पकड़ी गई महिला की पहचान ममता लोधी (35) निवासी सिरसौद, थाना अमोला के रूप में हुई है। तलाशी के दौरान महिला के कब्जे से 15 ग्राम स्मैक पाउडर बरामद हुआ। जब पुलिस ने नशीले पदार्थ के वैध दस्तावेज मांगे, तो महिला कोई जवाब नहीं दे सकी।
कार्यवाही की बड़ी बातें:
जप्त मशरूका: 15 ग्राम स्मैक (कीमत ₹3,00,000)।
गिरफ्तारी: आरोपी महिला को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया।
दर्ज मामला: थाना अमोला में अपराध क्रमांक 62/26 के तहत NDPS एक्ट की धारा 8/21 के अंतर्गत केस दर्ज।
नेटवर्क खंगालने में जुटी पुलिस
इस कार्यवाही के बाद पुलिस अब इस तस्करी के पीछे छिपे 'बड़े खिलाड़ियों' यानी सप्लायरों और हैंडलर्स की तलाश में जुट गई है। पुलिस का मानना है कि इस गिरफ्तारी से इलाके में सक्रिय नशा माफियाओं की कमर टूटेगी।
इनकी रही सराहनीय भूमिका
इस सफल रेड में थाना प्रभारी अंशुल गुप्ता, उनि. अंजली सिंह, सउनि. अरविन्द्र यादव, प्र.आर. बीरवल सिंह, और आरक्षक संजीव श्रीवास्तव सहित पूरी टीम का विशेष योगदान रहा। आला अधिकारियों ने टीम की इस मुस्तैदी की सराहना की है।

