व्यापारियों को झटका: रिकॉर्ड स्तर पर पहुंचे कमर्शियल गैस के दाम, 5 किलो वाला सिलेंडर भी हुआ महंगा
नई दिल्ली. तेल कंपनियों ने 19 किलोग्राम वाले कमर्शियल एलपीजी सिलेंडर की कीमतों में भारी बढ़ोतरी की है. नई दरों के अनुसार, दिल्ली में कमर्शियल सिलेंडर 42 रुपये महंगा होकर अब 3113.50 रुपये का हो गया है. वहीं कोलकाता में इसकी कीमत 53.50 रुपये बढ़कर 3255.50 रुपये पहुंच गई है. ये बदलाव 1 जून से प्रभावी होगा, जिससे होटल, रेस्तरां, ढाबा और अन्य व्यावसायिक उपभोक्ताओं पर अतिरिक्त बोझ बढ़ सकता है. हालांकि, घरेलू इस्तेमाल के सिलेंडरों की कीमतों में कोई बदलाव नहीं किया गया है.
व्यावसायिक इस्तेमाल वाले 19 किलोग्राम के गैस सिलेंडर की दरों में महानगरों के अंदर अलग-अलग बढ़ोतरी की गई है. दिल्ली में जहां प्रति सिलेंडर 42 रुपये ज्यादा देने होंगे. वहीं, कोलकाता के व्यापारियों पर 53.50 रुपये का ज्यादा वित्तीय बोझ पड़ेगा, जिससे दोनों शहरों में कमर्शियल एलपीजी के दाम रिकॉर्ड स्तर पर पहुंच गए हैं. कमर्शियल सिलेंडर के दामों में बढ़ोतरी ऐसे वक्त में हुई है, जब कारोबार पहले से ही ईंधन और परिवहन की बढ़ती लागत से जूझ रहे हैं.
इसके अलावा तेल विपणन कंपनियों ने छोटे व्यापारियों और नागरिकों द्वारा इस्तेमाल किए जाने वाले 5 किलोग्राम के एफटीएल सिलेंडर की कीमत में भी 11 रुपये का इजाफा किया है, जिसके बाद दिल्ली में ये छोटा सिलेंडर अब 821.50 रुपये की नई दर पर मिलेगा. राहत की एकमात्र बात ये है कि घरों में इस्तेमाल होने वाले चौदह दशमलव दो किलोग्राम के घरेलू गैस सिलेंडर की कीमतों में इस बार कोई भी बदलाव नहीं किया गया है.

