शिवपुरी में स्मैक का कहर, पूरे शहर में फैला नशे का जाल

  • Share on :

शिवपुरी से ऋषि गोस्वामी की रिपोर्ट
शिवपुरी। शहर में स्मैक का नशा तेजी से अपने पैर पसारता जा रहा है। हालात यह हैं कि शहर के कई इलाकों में स्मैक की खुलेआम बिक्री की चर्चाएँ आम हो चुकी हैं। युवा वर्ग बड़ी संख्या में इस खतरनाक नशे की चपेट में आता जा रहा है, लेकिन इसके बावजूद पुलिस और प्रशासन की ओर से कोई ठोस कार्रवाई होती नज़र नहीं आ रही है।
स्थानीय नागरिकों का कहना है कि स्मैक तस्कर बेखौफ होकर शहर के अलग-अलग क्षेत्रों में सक्रिय हैं। स्कूल-कॉलेज के आसपास और रिहायशी इलाकों में भी नशे की सप्लाई होने की शिकायतें सामने आ रही हैं। इससे न केवल युवाओं का भविष्य अंधकार में जा रहा है, बल्कि शहर की सामाजिक व्यवस्था पर भी गंभीर खतरा मंडरा रहा है।
शहरवासियों का आरोप है कि कई बार शिकायतों के बावजूद न तो नियमित छापेमारी हो रही है और न ही बड़े नशा तस्करों पर कोई प्रभावी कार्रवाई। इससे तस्करों के हौसले और बुलंद होते जा रहे हैं।
स्मैक जैसे खतरनाक नशे का बढ़ता चलन शिवपुरी के लिए एक गंभीर चेतावनी है। अब जरूरत है कि पुलिस प्रशासन इस ओर तत्काल ध्यान दे, नशे के कारोबार में लिप्त लोगों के खिलाफ सख्त कदम उठाए और युवाओं को इस दलदल से बाहर निकालने के लिए जागरूकता अभियान चलाए।
शहर की जनता अब जवाब चाहती है कि आखिर कब तक शिवपुरी का भविष्य नशे की भेंट चढ़ता रहेगा।

Latest News

Everyday news at your fingertips Try Ranjeet Times E-Paper