डायवर्सन राशि बकाया होने पर स्नेह जी फार्म हाउस को किया गया सील
कलेक्टर के निर्देश पर राजस्व टीम की बड़ी कार्रवाई
इन्दौर। कलेक्टर श्री शिवम वर्मा के निर्देशानुसार एवं एसडीएम के आदेश पर ग्राम टिगरियाराव, कनाडिया स्थित स्नेह जी फार्म हाउस पर राजस्व अमले द्वारा कार्रवाई करते हुए परिसर को सील किया गया। भूमि स्वामी हिमालय गृह निर्माण सहकारी संस्था, तरफे विजय कुमार पिता मोहनलाल लुंकड पर डायवर्सन राशि के रूप में 13 लाख 76 हजार 600 रुपए की बकाया राशि लंबित थी।
उक्त प्रकरण में संबंधित को कई बार नोटिस जारी किए जाने के बावजूद राशि जमा नहीं कराई गई। इसके फलस्वरूप आज राजस्व टीम द्वारा नियमानुसार कार्रवाई करते हुए स्नेह जी फार्म हाउस को सील किया गया।
कार्रवाई के दौरान तहसीलदार सुश्री संगीता और सुश्री पूजा रघुवंशी, राजस्व निरीक्षक तेज सिंह एवं विशाल शर्मा, पटवारी श्री योगेश भार्गव, श्री मोहित पांचाल, श्री लोकेश बेतवा, श्री यश तथा श्री हरीश शर्मा उपस्थित रहे। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि शासकीय देयों का समय पर भुगतान नहीं करने पर इसी प्रकार की सख्त कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।

