यूपी में आंधी-बारिश से मचाई तबाही, पेड़ और दीवार गिरने से 51 लोगों की मौत
लखनऊ। उत्तर प्रदेश में बुधवार की रात से बृहस्पतिवार सुबह तक के बीच लगभग पूरे प्रदेश में आंधी-बारिश ने तबाही मचाई। इस बीच पेड़ और दीवार गिरने से हुए हादसों में 51 लोगों की मौत हो गई। बिजली के पोल टूटने से आपूर्ति बाधित हुई। बुलंदशहर में 89 किमी प्रति घंटे तो मेरठ में 80 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तूफानी हवाएं चलीं। आगरा, अलीगढ़ क्षेत्र के साथ प्रदेश के अन्य पूर्वी इलाकों में भी 50 से 80 किमी प्रति घंटे तक की रफ्तार से हवाएं चलीं। इससे कई इलाकों में टिन की छतें व छप्पर उड़ गए।
राजधानी लखनऊ के साथ अवध के 12 जिलों में बुधवार देर रात आंधी के साथ तेज बारिश हुई। बिजली गिरने से अंबेडकरनगर के कुसुमखोर गांव के अजय सिंह उर्फ गुड्डू (48) की मौत हो गई। दीवार गिरने से अमेठी के मैंझार गांव में सीतापति (59) और अयोध्या में रुदौली निवासी सूर्यकला (55) ने दम तोड़ दिया। ब्रज में भी 17 लोगों की जान चली गई। इनमें आगरा में तीन, कासगंज में चार महिलाओं सहित 6 लोगों की जान चली गई। एटा में पांच, फिरोजाबाद में दो महिलाओं, टूंडला में एक बच्चे की मौत हो गई। बंदायूं के बिल्सी में गिरी दीवार के मलबे में दबकर एक महिला की मौत हो गई।
साभार अमर उजाला