निगम द्वारा पर्यावरण संरक्षण एवं जल संसाधनों के बेहतर प्रबंधन को लेकर सख्त कार्यवाही
भवन निर्माण एवं विकास कार्यों में केवल ट्रीटेड वाटर का ही करें उपयोग - आयुक्त
आदित्य शर्मा
इंदौर। शहर में भू-जल संरक्षण एवं पेयजल की बचत को ध्यान में रखते हुए नगर निगम द्वारा निर्माणाधीन भवनों एवं कॉलोनियों में ट्रीटेड वाटर के उपयोग को लेकर विशेष अभियान संचालित किया जा रहा है। आयुक्त श्री क्षितिज सिंघल द्वारा समस्त भवन अधिकारियों एवं भवन निरीक्षकों को निर्देश दिए गए हैं कि शहर के सभी निर्माणाधीन भवनों, व्यावसायिक परियोजनाओं एवं कॉलोनियों का नियमित निरीक्षण कर ट्रीटेड वाटर के उपयोग की जांच सुनिश्चित की जाए।
निर्देशानुसार आज निगम के भवन अधिकारियों द्वारा शहर के विभिन्न क्षेत्रों में कुल 64 निर्माणाधीन भवनों का निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान संबंधित भवन संचालकों एवं निर्माण एजेंसियों को ट्रीटेड वाटर उपयोग संबंधी नियमों की जानकारी देते हुए नोटिस जारी किए गए।
जांच में पाया गया कि 34 निर्माणाधीन भवनों द्वारा आवश्यक शुल्क जमा कर तत्काल प्रभाव से ट्रीटेड वाटर का उपयोग प्रारंभ कर दिया गया। वहीं 30 निर्माणाधीन भवनों में ट्रीटेड वाटर का उपयोग नहीं पाए जाने पर निगम द्वारा सख्त कार्यवाही करते हुए संबंधित स्थलों पर निर्माण कार्य बंद करवाया गया।
नगर निगम प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि निर्माण कार्यों में पेयजल के स्थान पर ट्रीटेड वाटर का उपयोग अनिवार्य है। इसका उद्देश्य शहर में पेयजल की अनावश्यक खपत को रोकना, भू-जल स्तर का संरक्षण करना एवं पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा देना है। निगम द्वारा समय-समय पर निरीक्षण अभियान चलाकर नियमों का पालन सुनिश्चित किया जाएगा तथा उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध कठोर कार्यवाही जारी रहेगी।

